जरुरी जानकारी | जीईएम पोर्टल को आधुनिक रूप देने के लिये अनुबंध हासिल करने की दौड़ में टीसीएस, इंटेलेक्ट
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. सार्वजनिक खरीद जीईएम पोर्टल को आधुनिक रूप देने के लिये अनुबंध हासिल करने को लेकर सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी टीसीएस और इंटेलेक्ट डिजाइन एरेना दौड़ में हैं। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 16 मई सार्वजनिक खरीद जीईएम पोर्टल को आधुनिक रूप देने के लिये अनुबंध हासिल करने को लेकर सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी टीसीएस और इंटेलेक्ट डिजाइन एरेना दौड़ में हैं। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सरकार ने नये जीईएम (सरकारी ई-मार्केटप्लेस) पोर्टल के विकास के लिये इस साल फरवरी-मार्च में बोलियां आमंत्रित की थीं। बोलियों की जांच के बाद टीसीएस और इंटेलेक्ट डिजाइन एरेना तकनीकी चरण के लिये पात्र पाई गई हैं।
उन्होंने कहा कि वित्तीय प्रौद्योगिकी कंपनी इंफिबीम एवेन्यूज लिमिटेड दौड़ से बाहर हो गई है क्योंकि इसे निविदा मूल्यांकन के दौरान अयोग्य घोषित कर दिया गया था। इसका कारण कंपनी क्षमता परिपक्वता मॉडल एकीकरण (सीएमएमआई) प्रमाणपत्र जमा नहीं कर पायी जबकि आईटी परियोजनाओं के लिये यह अनिवार्य है।
सरकार ने जीईएम पोर्टल निविदा के लिये पात्रता प्राप्त करने को लेकर बोली लगाने वालों के लिये विशेष प्रमाण पत्र रखने की पूर्व शर्त निर्धारित की थी।
फिलहाल निजी कंपनियों...इंफिबीम एवेन्यूज और इंटेलेक्ट डिजाइन एरेना... का समूह पोर्टल चला रहा है। वाणिज्य मंत्रालय ने केंद्र सरकार के मंत्रालयों और विभागों की तरफ से वस्तुओं और सेवाओं की ‘ऑनलाइन’ खरीद को लेकर अगस्त, 2016 में इस पोर्टल की शुरुआत की थी।
जीईएम पोर्टल के विकास और रखरखाव का कार्य जुलाई, 2017 में इंटेलेक्ट डिजाइन एरेना और इंफिबीम एवेन्यूज को दिया गया था। अनुबंध की अवधि पांच वर्ष थी। यह इस वर्ष समाप्त हो रही है।
इंटेलेक्ट डिजाइन एरेना और इंफिबीम एवेन्यूज ने इस बार पोर्टल के प्रबंधन के लिए अलग-अलग आवेदन दायर किये थे।
इंफिबीम सूचीबद्ध कंपनी है। यह भारत में डिजिटल भुगतान और ई-कामर्स सेवाओं में लगी हुई है और इसे 2007 में स्थापित किया गया था।
कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि हमारी बोली के संबंध में जीईएम से एक ईमेल प्राप्त हुआ है। ईमेल के तहत, जीईएम ने अनुरोध प्रस्ताव के तहत निर्धारित पूर्व-योग्यता मानदंडों को कथित रूप से पूरा नहीं करने के कारण हमारी बोली को खारिज कर दिया है।
कंपनी ने कहा कि वह जीईएम से प्राप्त ईमेल के संबंध में सभी विकल्पों का मूल्यांकन कर रही है।
टीसीएस और इंटेलेक्ट की तरफ से तकनीकी प्रस्तुति अगले सप्ताह पेश किये जाने की संभावना है। अनुबंध जून, 2023 में मिलने की उम्मीद है।
दोनों कंपनियों को ई-मेल भेजकर सवाल पूछे गये, लेकिन उनकी तरफ से फिलहाल कोई जवाब नहीं आया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)