मुंबई, 21 जून देश की सबसे बड़ी सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) सेवा प्रदाता टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) को ब्रिटेन की कंपनी नेस्ट से पेंशन योजना के लिए सदस्यों को सुविधा प्रदान करने का 84 करोड़ पौंड का अनुबंध मिला है।
टाटा समूह की कंपनी टीसीएस ने बुधवार को एक बयान में इस अनुबंध की जानकारी दी। उसने कहा कि अगर यह समझौता 18 वर्ष की अधिकतम अवधि तक चलता है तो इसका अधिकतम मूल्य 1.5 अरब पौंड तक जा सकता है।
बयान के अनुसार, यह करार 10 वर्षों की अवधि के लिए है और दोनों कंपनियों के बीच पहले से चली आ रही साझेदारी का ही विस्तार है। दोनों कंपनियां वर्ष 2011 से ही साथ काम कर रही हैं।
टीसीएस ने कहा कि नए समझौते के तहत वह प्रशासनिक सेवाओं में बदलाव करने और पूरे ब्रिटेन के लोगों के लिए बेहतर सेवानिवृत्ति परिणाम देने में मदद करेगी।
आईटी सेवा प्रदाता कंपनी नेस्ट के लिए प्रशासनिक बदलाव लाने के इरादे से टीसीएस अपने मंच बैंस को तैनात करेगी और नेस्ट के 1.2 करोड़ सदस्यों और 10 लाख कर्मियों को सही समय पर सही सूचना तक पहुंच देगी।
टीसीएस के अध्यक्ष (बीएफएसआई उत्पाद एवं मंच) विवेकानंद रामगोपाल ने कहा कि पिछले 12 साल से कंपनी नेस्ट के साथ मिलकर ब्रिटेन के लोगों को कामयाब पेंशन योजना देने में मदद करती रही है और अब इसे भविष्य के लिए भी विस्तार दिया जा रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY