जरुरी जानकारी | टाटा पावर डीडीएल बिजली चोरी मामलों के निपटान के लिये लोक अदालत का करेगी आयोजन

नयी दिल्ली, 21 जुलाई बिजली वितरण कंपनी टाटा पावर दिल्ली डिस्ट्रिब्यूशन लि. (टाटा पावर डीडीएल) ने अपने ग्राहकों को विद्युत चोरी और कनेक्शन काटे जाने से जुड़े मामलों के तत्काल राहत देने के लिये विशेष लोक अदालत आयोजित करने की घोषणा की है।

कंपनी ने बृहस्पतिवार को बयान में कहा कि टाटा पावर डीडीएल दिल्‍ली राज्य विधि सेवा प्राधिकरण (डीएसएलएसए) के सहयोग से 24 जुलाई, 2022 को विशेष लोक अदालत आयोजित करेगी।

इस लोक अदालत में ग्राहकों को बिजली चोरी और ‘डिस्‍कनेक्‍शन’ के मामलों में तत्‍काल राहत दी जाएगी।

बयान के अनुसार, इस लोक अदालत में ऐसे मामलों पर विचार किया जाएगा जो किसी अदालत में लंबित हैं या जिन्‍हें अभी तक किसी अदालत में दाखिल नहीं किया गया है। बिजली चोरी के मामलों के निपटारे के इच्‍छुक ग्राहक व्‍यक्तिगत रूप से या अपने अधिकृत प्रतिनिधि के जरिये लोक अदालत में भाग ले सकते हैं।

लोक अदालत में भाग लेने के लिए ग्राहकों को 19124 पर कॉल या ‘ईएसी डॉट केयर एट टाटा पावर-डीडीएल डॉट कॉम’ पर ईमेल भेजकर पहले पंजीकरण करना होगा।

कंपनी उत्तर और उत्तर-पश्चिम दिल्ली में बिजली वितरण करती है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)