एजेंसी न्यूज

Corona Pandemic: तमिलनाडु, उप्र मिजोरम समेत देश के अन्य राज्यों ने कोरोना से जुड़ी पाबंदियां बढ़ाई

नए मामलों के साथ भारत में कोविड-19 के मामलों की कुल संख्या बढ़कर 2,62,89,290 हो गई है. मंत्रालय की तरफ से सुबह आठ बजे जारी आंकड़े के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 4194 लोगों की मौत होने के साथ मृतकों की कुल संख्या 2,95,525 हो गई है. उपचाराधीन मामलों की संख्या घटकर 29,23,400 रह गई है जो कुल संक्रमण का 11.12 फीसदी है जबकि कोविड-19 से उबरने की राष्ट्रीय दर 87.76 फीसदी है.

Corona Pandemic: तमिलनाडु, उप्र मिजोरम समेत देश के अन्य राज्यों ने कोरोना से जुड़ी पाबंदियां बढ़ाई
प्रतिकात्मक तस्वीर (Photo Credits: File Photo)

नई दिल्ली/चेन्नई: देश के अधिकतर हिस्सों में इस महीने के अंत तक कोविड-19 (Covid-19) के कारण पाबंदियां लगी होने के बीच तमिलनाडु (Tamil Nadu) ने भी लॉकडाउन (Lockdown) में विस्तार किया है. वहीं केंद्र ने चेताया है कि महामारी की स्थिति में कुछ स्थिरता आने के बावजूद काफी लंबा सफर तय करना है. उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) सरकार ने भी 31 मई की सुबह सात बजे तक कोरोना कर्फ्यू (Corona Curfew) में विस्तार किया है. यह जानकारी शनिवार को आधिकारिक बयान में दी गई. Corona Update: भारत में कोरोना के 2.40 लाख नए मामले सामने आए, 3,741 मरीजों की हुई मौत

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने घोषणा की कि 24 मई को समाप्त होने वाला लॉकडाउन एक हफ्ते और जारी रहेगा. दक्षिणी राज्यों में केरल, कर्नाटक और तेलंगाना ने अपने यहां लॉकडाउन बढ़ाया है जबकि आंध्रप्रदेश में कर्फ्यू जारी रहेगा.

पूर्वोत्तर राज्यों में मिजोरम सरकार ने शनिवार को आईजल में पूर्ण लॉकडाउन का शनिवार को विस्तार 31 मई तक अन्य जिला मुख्यालयों में किया. नगालैंड, मेघालय और अरूणाचल प्रदेश में पाबंदियां इस महीने के अंत तक बढ़ाई गई हैं.

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा शनिवार को जारी आंकड़े के मुताबिक भारत में कोरोना वायरस के रोजाना मामलों में बढ़ोतरी लगातार छठे दिन तीन लाख से कम रहा और एक दिन में 2.57 लाख नए मामले दर्ज किए गए.

नए मामलों के साथ भारत में कोविड-19 के मामलों की कुल संख्या बढ़कर 2,62,89,290 हो गई है.

मंत्रालय की तरफ से सुबह आठ बजे जारी आंकड़े के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 4194 लोगों की मौत होने के साथ मृतकों की कुल संख्या 2,95,525 हो गई है. उपचाराधीन मामलों की संख्या घटकर 29,23,400 रह गई है जो कुल संक्रमण का 11.12 फीसदी है जबकि कोविड-19 से उबरने की राष्ट्रीय दर 87.76 फीसदी है.

कई राज्यों में संक्रमण की उच्च दर और मौत की संख्या में बढ़ोतरी चिंता का विषय है. 4194 मृतकों में 1263 महाराष्ट्र के, 467 तमिलनाडु के, 353 कर्नाटक के, 252 दिल्ली से, उत्तर प्रदेश ओर पंजाब से 172- 172, पश्चिम बंगाल के 159, केरल के 142, राजस्थान के 129, उत्तराखंड के 116, हरियाणा के 112, आंध्रप्रदेश से 104 और छत्तीसगढ़ के 96 व्यक्ति शामिल हैं.

नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) वीके पॉल ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि सामाजिक एवं आर्थिक गतिविधियों पर पाबंदियां लगाकर तथा निरूद्ध क्षेत्र एवं देखभाल के उपायों को अपनाकर भारत इस महामारी पर अभी तक लगाम कसने में सफल रहा है.

उन्होंने कहा, ‘‘देश के बड़े हिस्से में महामारी की स्थिति में सुधार आ रहा है, संक्रमण की दर और उपचाराधीन मामलों की संख्या कम हो रही है और मरीजों के ठीक होने की दर बढ़ रही है. यह भी देखा जा रहा है कि दूसरे राज्यों में बढ़ोतरी भी हुई है, इसलिए यह मिला-जुला परिदृश्य है लेकिन इस लहर से निपटने में हमें लंबा सफर तय करना है और यह भी सुनिश्चित करना है कि हम जो कदम उठाते हैं, उनमें कोई ढिलाई नहीं हो.’’

उन्होंने कहा, ‘‘स्थिति में सुधार आ रहा है लेकिन हमें सुनिश्चित करना होगा कि संचरण की श्रृंखला टूटी रहे. संक्रमण की दर 382 जिलों में अब भी 10 फीसदी से ऊपर है, इसलिए इस लहर से लड़ने में अभी लंबा सफर तय करना है. और हमें यह भी सुनिश्चित करना है कि कोई ढिलाई नहीं बरती जाए.’’

राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों द्वारा कोरोना वायरस के कारण जारी पाबंदियां निम्नवत हैं --

दिल्ली में 19 अप्रैल से 24 मई तक लॉकडाउन है.

हरियाणा में तीन मई तक लॉकडाउन था जिसे बढ़ाकर 24 मई तक किया गया है.

चंडीगढ़ प्रशासन ने सप्ताहांत कर्फ्यू 25 मई तक बढ़ा दिया है.

पंजाब में कोविड-19 से जुड़े सप्ताहांत कर्फ्यू एवं रात्रि कर्फ्यू को 31 मई तक बढ़ा दिया गया है.

उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के कारण आंशिक कर्फ्यू को 31 मई की सुबह सात बजे तक बढ़ाया गया है.

बिहार में चार मई को 15 मई तक के लिए लॉकडाउन लगाया गया था जिसे बढ़ाकर 25 मई तक किया गया है.

झारखंड में लॉकडाउन की तरह पाबंदियों को 27 मई तक बढ़ाया गया है.

ओडिशा में एक जून तक लॉकडाउन है.

पश्चिम बंगाल ने 16 मई से 30 मई तक पूर्ण लॉकडाउन की घोषणा की है.

राजस्थान में 24 मई तक लॉकडाउन है.

मध्यप्रदेश ने कोरोना कर्फ्यू को राज्य के सभी 52 जिलों में 31 मई तक अलग-अलग समय के लिए बढ़ाया है.

गुजरात में 28 मई तक रात्रि कर्फ्यू लगाया गया है. बहरहाल, दिन के समय पाबंदियों में ढील दी गई है और सुबह नौ बजे से अपराह्न तीन बजे तक दुकानों, शॉपिंग मॉल, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और अन्य व्यावसायिक गतविधियों को इजाजत है.

छत्तीसगढ़ में 31 मई तक लॉकडाउन है.

केरल में पूर्ण लॉकडाउन 23 मई को समाप्त हो रहा था जिसे 30 मई तक बढ़ाया गया है.

तमिलनाडु में लॉकडाउन 24 मई को खत्म हो रहा था जिसे एक और हफ्ते बढ़ाया गया है.

पुडुचेरी ने 24 मई तक लॉकडाउन लगाया है.

कर्नाटक ने 24 मई से सात जून तक लॉकडाउन में विस्तार किया है.

तेलंगाना में 30 मई तक लॉकडाउन है.

आंध्रप्रदेश ने 31 मई तक कर्फ्यू का विस्तार किया है.

गोवा में 31 मई तक कर्फ्यू लगाए जाने की खबर है.

महाराष्ट्र में लॉकडाउन की तरह पाबंदयों को एक जून तक बढ़ाया गया है.

असम में सभी कार्यालय,धार्मिक स्थल और साप्ताहिक बाजार शहरी एवं कस्बाई इलाकों में 12 मई से 15 दिनों के लिए बंद करने के आदेश दिए गए थे.

नगालैंड में लॉकडाउन 31 मई तक बढ़ाया गया है.

मिजोरम में लॉकडाउन 31 मई तक आइजल एवं अन्य जिलाा मुख्यालयों में बढ़ाया गया है.

अरूणाचल प्रदेश के कई इलाकों में 31 मई तक पूर्ण लॉकडाउन है.

मणिपुर के सात जिलों में 28 मई तक कर्फ्यू है.

मेघालय के सबसे बुरी तरह प्रभावित ईस्ट खासी हिल्स जिले में 31 मई तक लॉकडाउन बढ़ाया गया है.

त्रिपुरा में रात्रि कर्फ्यू 19 मई से 26 मई तक लगाया गया है.

सिक्किम सरकार ने 17 मई से 24 मई तक पूर्ण लॉकडाउन लगाया है.

जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने 24 मई तक कर्फ्यू बढ़ाया है.

उत्तराखंड में 25 मई की सुबह तक कर्फ्यू है.

हिमाचल प्रदेश में कोरोना वायरस के कारण 26 मई तक कर्फ्यू लगाया गया है.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 22, 2021 10:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).