चेन्नई, 25 मार्च तमिलनाडु में छह अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव में मतदाताओं को लुभाने के लिए प्रत्याशी प्रचार के रोज नए-नए तरीक अपना रहे हैं । कोई कपड़े धो रहा है तो कोई नारियल तोड़कर मतदाता का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास कर रहा है।
यहां की रोयापुरम सीट से अन्नाद्रमुक प्रत्याशी डी जयकुमार सड़क किनारे लगे हैंडपंप को चलाकर एक महिला के घड़े में पानी भरते नजर आए।
मौजूदा राज्य सरकार में मत्स्यपालन मंत्री जयकुमार पार्टी संस्थापक एमजी रामचंद्रन की पहचान वाली टोपी पहनकर प्रचार कर रहे हैं एवं मतदाताओं तक साइकिल एवं रिक्शा से पहुंच रहे हैं।
विरुगमबाक्कम से द्रमुक प्रत्याशी एवीएम प्रभाकर राजा चुनाव प्रचार के दौरान अपने पाककला का प्रदर्शन कर रहे हैं और छोटे से ठेले पर तुरंत गर्मा-गरम डोसा बनाते नजर आ रहे हैं।
मक्कल निधी मयियम प्रत्याशी प्रियदर्शिनी एगमोर में सड़क किनारे की रेहड़ी पर मसालेदार मछली पकाकर मतदाताओं से उनके पक्ष में मतदान करने का अनुरोध कर रही हैं।
कोयंबटूर जिले के थोंडामुथुर से निर्दलीय प्रत्याशी एवं लोकप्रिय अभिनेता मंसूर अली खान अकेले मोपेड पर प्रचार कर रहे हैं।
खान प्रचार के दौरान नारियल पानी बेचने वाले के पास गए और खुद उसके दाव (चाकू) से नारियल तोड़कर पानी पीया और पैसे का भुगतान किया।
हार्बर सीट पर बड़ी संख्या में उत्तर भारतीय मतदाताओं के होने की वजह से द्रमुक प्रत्याशी पीके सेकर बाबू एवं लोकसभा सदस्य दयानिधि मारन लाल राजस्थानी पगड़ी पहनकर प्रचार करते नजर आ रहे हैं। पिछले चुनाव में भी द्रमुक द्वारा दीवार पर चिकपाए जाने वाले पोस्टर में हिंदी का प्रयोग असमान्य बात नहीं थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY