देश की खबरें | तमिलनाडु: मुख्यमंत्री ने श्रीलंकाई तमिलों के लिए नवनिर्मित घरों का उद्घाटन किया

वेल्लोर (तमिलनाडु), 17 सितंबर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने राज्य के 13 जिलों में विस्तृत 19 पुनर्वास शिविरों में श्रीलंकाई तमिलों के लिए बने 1,500 से अधिक नवनिर्मित घरों का रविवार को उद्घाटन किया।

स्टालिन ने वेल्लोर के मेल्मोनावुर शिविर में 220 घरों का उद्घाटन किया और इस योजना के लाभार्थियों से बातचीत की।

इन 1591 घरों को बनाने में 79.70 करोड़ रुपये की लागत आई है। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए 12 अन्य जिलों में भी नए घरों का उद्घाटन किया, जिसमें तिरुवन्नामलाई, तिरुचिरापल्ली, कोयंबटूर, ईरोड, सलेम, विरुदुनगर और शिवगंगा शामिल हैं।

ऑनलाइन ही अन्य जिलों के लाभार्थियों से भी बातचीत की। जब स्टालिन ने उनसे बातचीत की तो लाभार्थियों ने बुनियादी सुविधाओं को लेकर संतोष व्यक्त किया।

उन्होंने बताया कि यहां आंगनबाड़ी, पुस्तकालय, सार्वजनिक वितरण प्रणाली केंद्र उपलब्ध हैं। इस अवसर पर राज्य के जल संसाधन मंत्री दुरईमुरुगन और ग्रामीण विकास मंत्री आई पेरियासामी सहित निर्वाचित प्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री स्टालिन ने 2021 में श्रीलंकाई तमिलों के लिए स्थापित शरणार्थी शिविरों का नाम बदलकर ‘पुनर्वास शिविर’ कर दिया था।

राज्य के 29 जिलों में बने 104 शिविरों में 19,498 परिवारों के 58,272 लोगों को आश्रय दिया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)