देश की खबरें | सर्जिकल स्ट्राइक टिप्पणी: दिग्विजय ने कहा, सवाल सरकार से थे, सैन्य अधिकारियों से नहीं

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ से जुड़ी टिप्पणी को लेकर अपनी ही पार्टी के किनारा करने और विपक्षी भाजपा के निशाना साधने पर कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने मंगलवार को सफाई दी कि सशस्त्र बलों के लिये उनके दिल में बेहद सम्मान है।

नयी दिल्ली, 24 जनवरी ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ से जुड़ी टिप्पणी को लेकर अपनी ही पार्टी के किनारा करने और विपक्षी भाजपा के निशाना साधने पर कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने मंगलवार को सफाई दी कि सशस्त्र बलों के लिये उनके दिल में बेहद सम्मान है।

उन्होंने कहा कि उनका सवाल सरकार से था न कि सैन्य अधिकारियों से। उन्होंने कहा कि वह सशस्त्र बलों पर नहीं मोदी सरकार पर सवाल उठा रहे हैं। सिंह ने कहा कि एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में उन्हें तथ्यों को जानने का अधिकार है।

सिंह ने ट्विटर पर कहा, “मैंने अपने सशस्त्र बलों को सर्वोच्च सम्मान दिया है। मेरी दो बहनों की शादी नौसेना अधिकारियों से हुई थी... मेरे रक्षा अधिकारियों से सवाल पूछने का कोई सवाल ही नहीं है। मेरे सवाल मोदी सरकार से हैं।”

उन्होंने कहा, “उस अक्षम्य खुफिया विफलता के लिए कौन जिम्मेदार है जहां हमारे 40 सीआरपीएफ कर्मी शहीद हुए थे? आतंकवादी 300 किलोग्राम आरडीएक्स कहां से ला सकते थे? सीआरपीएफ कर्मियों को एयरलिफ्ट करने के अनुरोध को अस्वीकार क्यों किया गया?”

मंगलवार को सिलसिलेवार किये गए ट्वीट में सिंह ने सरकार से कुछ सवाल किए। कांग्रेस नेता ने पूछा, “जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा आतंकवादियों के साथ पकड़े जाने के बाद पुलवामा के रहने वाले डीएसपी देविंदर सिंह को क्यों छोड़ दिया गया? पुलवामा आतंकवाद से सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में से एक है, इलाके और वाहनों की जांच और चूक मुक्त बनाने की कार्रवाई क्यों नहीं की गई।”

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “मोदी सरकार से ये मेरे वैध प्रश्न हैं। क्या मुझे एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में तथ्यों को जानने का अधिकार नहीं है? इस गंभीर चूक के लिए किसे दंडित किया गया है? किसी अन्य देश में गृह मंत्री को इस्तीफा देना पड़ता”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\