देश की खबरें | सुरेश चंद्र महापात्रा ने ओडिशा के नए मुख्य सचिव का पदभार संभाला
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

भुवनेश्वर, एक जनवरी वरिष्ठ नौकरशाह सुरेश चंद्र महापात्रा ने शुक्रवार को ओडिशा के नए मुख्य सचिव एवं मुख्य विकास आयुक्त का पदभार संभाल लिया।

महापात्रा ने असित कुमार त्रिपाठी का स्थान लिया है। त्रिपाठी बृहस्पतिवार को सेवानिवृत्त हो गए।

उन्हें पश्चिमी ओडिशा विकास परिषद का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वह क्षेत्रीय विकास, पर्यटन, कृषि व्यवसाय और उद्योग जैसे क्षेत्रों में मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार भी रहेंगे।

अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रदीप कुमार जेना ने भी राज्य के विकास आयुक्त का पदभार संभाल लिया।

महापात्रा ने संवाददाताओं से कहा,‘‘ अर्थ व्यवस्था को पटरी पर लाना हमारे लिए बड़ी चुनौती है।’’

इस नियुक्ति से पहले 1986 बैच के आईएएस अधिकारी महापात्रा श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) के कार्यकारी अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे थे।

महापात्रा 28 फरवरी 2022 तक मुख्य सचिव के पद पर रहेंगे।

गौरतलब है कि वन एवं पर्यावरण विभाग के सचिव के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान महापात्रा ने इको पर्यावरण की अवधारणा विकसित की जिससे राज्य में पर्यटन को बढ़ावा मिला था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)