देश की खबरें | उच्चतम न्यायालय के सेक्रेटरी जनरल संजीव कलगांवकर मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश नियुक्त

नयी दिल्ली, 27 अप्रैल उच्चतम न्यायालय के सेक्रेटरी जनरल संजीव सुधाकर कलगांवकर को बृहस्पतिवार को मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय का न्यायाधीश नियुक्त किया गया।

प्रधान न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाले उच्चतम न्यायालय के कॉलेजियम ने 12 अप्रैल को एक प्रस्ताव में उन्हें मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय का न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की थी।

कॉलेजियम ने आसूचना ब्यूरो (आईबी) की रिपोर्ट का संज्ञान लिया कि कलगांवकर की अच्छी व्यक्तिगत और पेशेवर छवि है और उनकी ईमानदारी को लेकर कुछ भी प्रतिकूल बात सामने नहीं आई है।

मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के छोटे से कस्बे बैहर के रहने वाले कलगांवकर का जन्म 23 फरवरी, 1970 को हुआ था। वह 1992 में 22 साल 10 महीने की उम्र में मध्य प्रदेश न्यायिक सेवा में चुन लिये गये थे।

कलगांवकर ने 2006 में 36 साल की आयु में मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय की उच्च न्यायिक सेवा परीक्षा उत्तीर्ण की।

उन्हें नवंबर 2018 में तत्कालीन प्रधान न्यायाधीश रंजन गोगोई ने एक साक्षात्कार के मायम से उच्चतम न्यायालय का सेक्रेटरी जनरल चुना था और वह इस पद पर नवंबर 2021 तक रहे थे। वह नवंबर 2022 में पुन: इस पद पर नियुक्त किये गये।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)