देश की खबरें | नशीले पदार्थों के खतरे के खिलाफ अभियान का समर्थन करें: केजरीवाल की पंजाब के युवाओं से अपील
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को पंजाब के युवाओं से अपील की कि वे प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए मादक पदार्थों के खतरों के खिलाफ अभियान का समर्थन करें।
लुधियाना, दो अप्रैल आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को पंजाब के युवाओं से अपील की कि वे प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए मादक पदार्थों के खतरों के खिलाफ अभियान का समर्थन करें।
नशे के खिलाफ एक जागरूकता अभियान दस्ते को रवाना करने से पहले लोगों को संबोधित करते हुए दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि पंजाब से नशे की समस्या को समाप्त करने में युवाओं को महती भूमिका अदा करनी है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि अगर इसे समाप्त नहीं किया गया तो इसके भयानक परिणाम होंगे ।
युवाओं से अपील करते हुए केजरीवाल ने कहा, ‘‘पंजाब का भविष्य आपके हाथ में है। आपमें से कोई पंजाब का भविष्य का मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक एवं उद्यमी है। आप ही हैं जो नए पंजाब का निर्माण करेंगे।’’
आप प्रमुख ने आरोप लगाया कि प्रदेश की पूर्व की सरकारों ने अवैध धन के लिए मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले गिरोहों का संरक्षण किया, जिसने पीढ़ियों को बर्बाद कर दिया।
उन्होंने कहा कि उन नेताओं को उनकी इस गलतियों के लिए दंड मिलेगा।
केजरीवाल ने घोषणा की कि राज्य सरकार ने नशीले पदार्थों के खिलाफ ‘कतई बर्दाश्त नहीं’ की नीति अपनाई है। उन्होंने कहा कि पिछले 30 दिन में नशीले पदार्थों के पैसे से बनाए गए ‘‘बड़े महलों’’ को ध्वस्त कर दिया गया है और तस्करों को सलाखों के पीछे डाला जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार नशे की लत से जूझ रहे लोगों की मदद के लिए सक्रिय रूप से नशामुक्ति केंद्र स्थापित कर रही है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि अगर उनका कोई दोस्त या परिवार का सदस्य नशा कर रहा है, तो समय रहते इसकी सूचना अधिकारियों को दें।
केजरीवाल ने कहा, ‘‘आपकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 02, 2025 08:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

