नयी दिल्ली, 10 अगस्त प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मणिपुर की स्थिति को लेकर बृहस्पतिवार को लोकसभा में कहा कि निकट भविष्य में इस प्रदेश में शांति का सूरज उगेगा और वह नए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ेगा।
उन्होंने लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए यह भी कहा कि मणिपुर में महिलाओं के खिलाफ अपराधों को अंजाम देने वालों को सजा दिलाने के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसने अतीत में ‘मां भारती’ की भुजाएं काट दी।
उन्होंने कहा, ‘‘मणिपुर पर अदालत का एक फैसला आया। उसके पक्ष- विपक्ष में जो परिस्थितियां बनीं, हिंसा का दौर शुरू हो गया। कई लोगों ने अपने लोगों को खोया। महिलाओं के साथ गंभीर अपराध हुए। ये अपराध अक्षम्य हैं। दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलवाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार भरपूर प्रयास कर रही है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘निकट भविष्य में शांति का सूरज जरूर उगेगा। मणिपुर फिर एक बार फिर शांति के साथ आगे बढ़ेगा।’’
मोदी ने कहा, ‘‘वहां की माताओं-बहनों, बेटियों से कहना चाहता हूं कि देश आपके साथ है, यह सदन आपके साथ है, हम सब मिलकर इस चुनौती का समाधान निकालेंगे। वहां फिर से शांति की स्थापना होगी।’’
उनका कहना था कि मणिपुर विकास के मार्ग पर तेज गति से आगे बढ़े, इसमें कोई कोर-कसर नहीं रखी जाएगी।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे लिए पूर्वोत्तर हमारे जिगर का टुकड़ा है।’’
प्रधानमंत्री मोदी ने राहुल गांधी के बयान का परोक्ष रूप से हवाला देते हुए कहा, ‘‘मां भारती के बारे में जो कहा गया है, उससे देश को ठेस पहुंची...क्या सत्ता सुख के बिना नहीं जी सकते। क्या बोल रहे हैं? पता नहीं, कुछ लोग भारत मां की मृत्यु की कामना कर रहे हैं। ये लोग कभी लोकतंत्र की हत्या की बात करते हैं, संविधान की हत्या की बात करते हैं। जो इनके मन में है, वही उनके कृत्य में सामने आ जाता है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY