खेल की खबरें | सुमित नागल ने रोम एटीपी चैलेंजर का खिताब जीता

रोम, 30 अप्रैल भारत के शीर्ष टेनिस स्टार सुमित नागल ने एटीपी चैलेंजर प्रतियोगिता  के फाइनल में रविवार को यहां उच्च रैंकिंग वाले नीदरलैंड के जेस्पर डी जोंग पर उलटफेर भरी जीत दर्ज की।

वह इसके साथ ही यूरोपीय क्ले कोर्ट पर एटीपी चैलेंजर प्रतियोगिता जीतने वाले देश के पहले खिलाड़ी बन गए।

पच्चीस साल के नागल (विश्व रैंकिंग 347) ने एटीपी एकल रैंकिंग में खुद से 100 से अधिक स्थान ऊपर काबिज डी जोंग (विश्व रैंकिंग 234) को 6-3 6-2 से हराकर अपना तीसरा एटीपी चैलेंजर खिताब जीता।

उन्होंने अपना पिछला खिताब 2019 में ब्यूनस आयर्स में जीता था।

  नागल ने अपने अभियान के दौरान क्वालीफायर मुकाबलों में सफलता के बाद मुख्य दौर के पहले मुकाबले में फ्रांसेस्को मेस्ट्रेली (एटीपी रैंक 172) को शिकस्त दी। उन्होंने इसके बाद  वाइल्डकार्डधारी इटली के फौस्टो ताबाक्को  और फिर नीदरलैंड के मैक्स हौकस को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनायी।

अंतिम चार में इस भारतीय खिलाड़ी ने 198 रैंकिंग के खिलाड़ी बेल्जियम के जोरिस डी लूरे को 2-6, 7-5, 6-4 से हराया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)