देश की खबरें | अचानक हुई बारिश से दिल्ली में जलभराव, मुंबई में बारिश थमने से मिली राहत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली में अचानक हुई बारिश के कारण मंगलवार को भारी जलभराव तथा यातायात जाम की स्थिति पैदा हो गई, जबकि मुंबई ने राहत की सांस ली, क्योंकि एक दिन पहले भारी बारिश के कारण महानगर में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया था।
नयी दिल्ली, नौ जुलाई दिल्ली में अचानक हुई बारिश के कारण मंगलवार को भारी जलभराव तथा यातायात जाम की स्थिति पैदा हो गई, जबकि मुंबई ने राहत की सांस ली, क्योंकि एक दिन पहले भारी बारिश के कारण महानगर में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया था।
राष्ट्रीय राजधानी में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने बताया कि दोपहर तक उसे जलभराव के संबंध में 22 कॉल प्राप्त हुईं, जबकि पेड़ उखड़ने से संबंधित तीन से चार शिकायतें मिलीं।
स्पाइस जेट एयरलाइन ने कहा कि खराब मौसम के कारण दिल्ली से आने-जाने वाली सभी उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं।
एयरलाइन ने यात्रियों से अपनी उड़ानों की स्थिति पर नजर रखने को कहा है।
दिल्ली यातायात पुलिस ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा, ‘‘जलभराव के कारण आजाद मार्केट से शास्त्री नगर की ओर जाने वाले मार्ग पर यातायात बंद कर दिया गया है।’’
एक अन्य पोस्ट में पुलिस ने कहा कि सीवर पाइपलाइन फटने के कारण सी-हेक्सागन से अशोक रोड के सामने विंडसर पैलेस गोल चक्कर पर यातायात प्रभावित हुआ।
पुलिस ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘पानी भरने के कारण राजधानी पार्क से मुंडका और विपरीत दिशा में रोहतक रोड पर दोनों तरफ यातायात प्रभावित है। कृपया अपनी यात्रा की योजना इसी के अनुसार बनाएं।’’
वहीं, मुंबई में मंगलवार को बारिश थमने से लोगों को थोड़ी राहत मिली। हालांकि, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर स्कूल-कॉलेज बंद हैं।
महानगर में एक दिन पहले बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया था और हवाई, रेल तथा सड़क यातायात बाधित हो गया था। मंगलवार को सुबह देश की आर्थिक राजधानी में बादल छाये रहे, लेकिन बारिश थम गई है।
मुंबई की ‘जीवन रेखा’ मानी जाने वाली उपनगरीय रेल सेवाएं भी पटरी पर लौट आईं। कल पटरियों पर जलजमाव होने की वजह से कई उपनगरीय ट्रेन विलंब से चलीं, तथा कुछ को रद्द करना पड़ा था।
अधिकारियों ने आज बताया कि उपनगरीय सेवाएं पांच से 10 मिनट के मामूली विलंब से चल रही हैं। शहर और उपनगरों में कहीं भी कोई बड़ा जलभराव नहीं हुआ और सड़क यातायात सुचारू रूप से जारी है।
आईएमडी के मुंबई केंद्र ने मंगलवार को शहर के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है, जिसमें ‘‘कुछ स्थानों पर भारी से बेहद भारी बारिश और अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश’’ का पूर्वानुमान जताया गया है।
गोवा के कई हिस्सों में मंगलवार को लगातार चौथे दिन भी भारी बारिश हुई, जिसके कारण निचले इलाकों में जलभराव हो गया और राज्य की राजधानी पणजी तथा अन्य शहरों में यातायात प्रभावित हो गया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को गोवा के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि कुछ स्थानों पर भारी बारिश तथा उत्तरी गोवा और दक्षिणी गोवा जिले में तेज हवाओं के साथ कुछ स्थानों में अत्यधिक बारिश हो सकती है।
आईएमडी के अनुसार, तटीय राज्य में लगातार बारिश होने तथा 50 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने की आशंका है।
मछुआरों को 'रेड अलर्ट' के दौरान समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है, जबकि लोगों को बाढ़ की आशंका वाले इलाकों में जाने से बचने को कहा गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 09, 2024 08:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

