देश की खबरें | न्याय प्रणाली से जुड़े तीन विधेयकों पर संसदीय समिति की अगली बैठकों में विषय विशेषज्ञ विचार रखेंगे

नयी दिल्ली, 31 अगस्त संसद की एक समिति ने भारतीय न्याय प्रणाली पर दूरगामी प्रभाव डालने वाले तीन विधेयकों...‘न्याय संहिता 2023’, ‘भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023’ और ‘भारतीय साक्ष्य विधेयक 2023’ पर विचार के लिए 11, 12 और 13 सितंबर को बैठक बुलाई है जिसमें कई विषय विशेषज्ञ अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।

राज्यसभा सचिवालय की गृह कार्य संबंधी समिति की सूचना में कहा गया है, ‘‘ सदस्यों के सूचित किया जाता है कि विभाग से संबंधित गृह कार्य संबंधी संसद की स्थायी समिति की अगली बैठकों में तीन विधेयकों ‘न्याय संहिता 2023’, ‘भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023’ और ‘भारतीय साक्ष्य विधेयक 2023’ के विभिन्न पहलुओं के संबंध में विषय विशेषज्ञ अपने विचार रखेंगे।’’

इसमें कहा गया है कि समिति की बैठकें 11, 12 और 13 सितंबर को बुलाई गई है।

एजेंडे के अनुसार, 11 सितंबर की गृह संबंधी स्थायी समिति की बैठक में सीबीआई के पूर्व निदेशक प्रवीण सिन्हा, विधि कार्य विभाग की संयुक्त सचिव डा. पद्मिनी सिंह और बीपीआरएंड डी की अधिकारी अनुपमा निलेकर चंद्रा अपने विचार प्रस्तुत करेंगी।

इसी प्रकार से 12 सितंबर को बैठक में पूर्व पुलिस महानिदेशक डा. विक्रम सिंह, गुजरात के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के निदेशक एवं पूर्व पुलिस महानिदेशक केशव कुमार तथा गुजरात के गांधीनगर स्थित राष्ट्रीय फोरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय के प्रोफेसर नवीन चौधरी विचार प्रस्तुत करेंगे।

समिति की 13 सितंबर को बैठक में भी कुछ विषय विशेषज्ञ विचार रखेंगे। इस समिति की अध्यक्षता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य बृजलाल कर रहे हैं।

इस विषय पर स्थायी समिति की पिछली बैठकें 24 अगस्त, 25 अगस्त और 26 अगस्त को हुई थी।

पिछली बैठकों में प्रस्तावित कानून के विभिन्न आयामों को लेकर गृह सचिव अजय भल्ला ने विस्तृत प्रस्तुति दी थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)