देश की खबरें | आलिया विश्वविद्यालय के कुलपति को अपशब्द कहने वाला छात्र नेता गिरफ्तार

कोलकाता, तीन अप्रैल तृणमूल कांग्रेस छात्र परिषद (टीएमसीपी) से निष्कासित एक छात्र नेता को आलिया विश्वविद्यालय के कुलपति मोहम्मद अली को धमकी देने और उनके खिलाफ अपशब्द कहने के आरोप में रविवार को गिरफ्तार किया गया।

इससे पहले, पश्चिम बंगाल में स्थित आलिया विश्वविद्यालय के कुलपति मोहम्मद अली को छात्र नेता और उसके सहयोगियों द्वारा धमकाए जाने और अपशब्द कहे जाने का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर रविवार को वायरल हो गया। इसके बाद राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने मुख्य सचिव से सोमवार दोपहर तक इस वीडियो के संबंध में विस्तृत जानकारी मुहैया कराने को कहा ।

छात्र नेता की पहचान गियासुद्दीन मंडल के रूप में की गई है।

विश्वविद्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना संस्थान के न्यू टाउन परिसर में शुक्रवार को हुई थी। उन्होंने बताया कि मंडल कुछ अन्य लोगों के साथ कुलपति के कार्यालय में गया और उसने अली को धमकी दी कि यदि पीएचडी की सूची में तत्काल बदलाव नहीं किया गया और उसके बताए लोगों को इसमें शामिल नहीं किया गया, तो उन्हें इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

अली ने मंडल और उसके साथियों से कार्यालय से चले जाने और वार्ता के लिए उचित तरीके से फिर से आने को कहा, लेकिन छात्र नेता और उसके सहयोगियों ने चिल्लाना एवं कुलपति के खिलाफ अपशब्द कहना जारी रखा। इस दौरान कुछ कर्मी अधिकारी को घेरे खड़े रहे।

मंडल एवं उसके सहयोगी कुछ घंटे कुलपति के कार्यालय में रहे और वहां से जाने से पहले उन्होंने सूची में संशोधन नहीं किए जाने पर पुन: लौटकर आने की धमकी दी। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से सूची में हेरफेर किए जाने का आरोप लगाया।

अली ने घटना के बारे में विस्तार से बताने से इनकार कर दिया। उन्होंने बाद में संवाददाताओं से कहा कि मंडल और अन्य लोगों ने शुक्रवार को उनके कार्यालय में करीब दो घंटे तक उनका घेराव किया और अभद्र का इस्तेमाल किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)