देश की खबरें | यातायात जाम में फंसे मिजोरम के मंत्री, विधायक 'लिफ्ट' लेकर विधानसभा पहुंचे

आइजोल, 28 फरवरी आइजोल के यातायात जाम में अपनी कार फंसने के बाद मिजोरम के दो विधायक और एक मंत्री मंगलवार को दुपहिया वाहनों पर सवार होकर विधानसभा पहुंचे।

भूमि राजस्व और बस्ती मंत्री लालरुआत्किमा, विपक्षी जेडपीएम नेता लालदुहोमा और सत्तारूढ़ एमएनएफ विधायक एफ लालनुनमाविया के स्कूटर पर बैठ कर विधानसभा जाने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।

वे बजट सत्र में भाग लेने के लिए विधानसभा जा रहे थे तभी टेम्पल स्कवेयर और वैवकॉन के बीच सड़क की मरम्मत के कारण यातायात जाम की वजह से बीच रास्ते में फंस गए।

मंत्री तथा जेडपीएम नेता को दो पत्रकारों ने यातायात से बचाया जो विधानसभा ही जा रहे थे।

एक स्थानीय अखबार के वरिष्ठ संवाददाता जोहमिंगमाविया ने कहा, ‘‘तीनों विधायक सड़क मरम्मत कार्य के कारण फंस गए थे। वे सड़क किनारे खड़े थे। जब मैं उनके पास गया था तो मंत्री लालरुआत्किमा ने मुझे लालदुहोमा को लिफ्ट देने के लिए कहा और वह एक अन्य पत्रकार के दुपहिया वाहन पर बैठ गए।’’

उन्होंने बताया कि लालनुनमाविया को एक अन्य व्यक्ति ने लिफ्ट दे दी थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)