Odisha Train Accident: पीएम मोदी की चेतावनी, कहा- ट्रेन दुर्घटना के लिए जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी
प्रधानमंत्री ने घटनास्थल से कैबिनेट सचिव और स्वास्थ्य मंत्री से बात की. अधिकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री ने उनसे यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि घायलों और उनके परिवारों को हरसंभव मदद मुहैया कराई जाए. मोदी ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि शोक संतप्त परिवारों को किसी तरह की असुविधा ना हो और प्रभावितों को आवश्यक सहायता मिलती रहे.
बालासोर (ओडिशा): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि ओडिशा रेल दुर्घटना के लिए दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. मोदी ने ओडिशा के बालासोर जिले के बाहानगा में देश की सबसे भीषण ट्रेन दुर्घटनाओं में से एक के घटनास्थल का निरीक्षण करने और पीड़ितों से अस्पताल में मुलाकात के बाद मीडिया से बात की.
मोदी ने कहा, ‘‘रेल हादसे के लिए दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. किसी को बख्शा नहीं जाएगा.’’ प्रधानमंत्री ने यह भी कहा, ‘‘हम घायलों को सर्वश्रेष्ठ उपचार मुहैया कराएंगे.’’ Odisha Train Accident: चेन्नई में चाय की दुकान पर काम करने वाला अपने भाई की तलाश में गया ओडिशा
उन्होंने लोगों को बचाने में मदद के लिए स्थानीय लोगों का भी आभार व्यक्त किया, जिनमें से कई लोगों ने रात भर काम किया. मोदी ने कहा, ‘‘मैं ट्रेन दुर्घटना प्रभावितों को दी गई सभी मदद के लिए स्थानीय लोगों का आभारी हूं.’’
हादसे के बारे में उन्होंने कहा, ‘‘मेरे पास पीड़ा व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं हैं. ईश्वर हमें इस स्थिति से उबरने की शक्ति दें.’’ प्रधानमंत्री के साथ रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी थे. आपदा प्रबंधन टीम के अधिकारियों ने प्रधानमंत्री के साथ ही दोनों केंद्रीय मंत्रियों को स्थिति के बारे में जानकारी दी.
प्रधानमंत्री ने घटनास्थल से कैबिनेट सचिव और स्वास्थ्य मंत्री से बात की. अधिकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री ने उनसे यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि घायलों और उनके परिवारों को हरसंभव मदद मुहैया कराई जाए. मोदी ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि शोक संतप्त परिवारों को किसी तरह की असुविधा ना हो और प्रभावितों को आवश्यक सहायता मिलती रहे.
प्रधानमंत्री ने ओडिशा की राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री प्रमिला मलिक के साथ-साथ स्थानीय पुलिस प्रमुख से भी बातचीत की. मोदी ने दुर्घटना के बाद इस मार्ग पर ट्रेन सेवाओं को बहाल करने के लिये किये जा रहे कार्यों की प्रगति के बारे में भी जानकारी ली. बाहानगा बाजार में दुर्घटनास्थल पर पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री ने ट्रेन हादसे पर नयी दिल्ली में एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की थी.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 03, 2023 07:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

