भोपाल, 10 जुलाई सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को दावा किया कि मध्य प्रदेश के सीधी जिले में एक आदिवासी युवक पर एक व्यक्ति द्वारा पेशाब करने की घटना वर्ष 2019-20 की है जब कमल नाथ के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार सत्ता में थी।
दूसरी ओर, कांग्रेस ने आदिवासियों के हितों की रक्षा करने की मांग करते हुए मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल को एक ज्ञापन सौंपा है और आरोप लगाया है कि राज्य में आदिवासी समुदाय के खिलाफ अपराधों की संख्या बढ़ रही है।
भाजपा की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष वीडी शर्मा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘सीधी घटना पर भाजपा द्वारा गठित जांच समिति के शुरुआती निष्कर्ष बताते हैं कि पेशाब करने की घटना वर्ष 2019-20 की है जब कमल नाथ राज्य में कांग्रेस सरकार का नेतृत्व कर रहे थे।’’
उन्होंने कहा कि इस संबंध में एक प्रशासनिक रिपोर्ट जल्द ही सामने आएगी।
शर्मा ने कहा, ‘‘हम इस तरह की रणनीति के जरिए समाज में दुश्मनी फैलने नहीं देंगे।’’
मध्य प्रदेश कांग्रेस इकाई के प्रमुख कमलनाथ और उनकी पार्टी के आदिवासी विधायकों ने राजभवन में राज्यपाल से मुलाकात की।
कमलनाथ ने कहा, ‘‘आदिवासियों पर अत्याचार के मामले में मध्य प्रदेश देश में अग्रणी है। हमने राज्यपाल से आदिवासी समुदाय के हितों की रक्षा करने का अनुरोध किया है।’’
मध्यप्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता गोविंद सिंह ने कहा कि कांग्रेस मंगलवार से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र में सीधी घटना और ‘‘आदिवासियों के खिलाफ अत्याचार’’ को उठाएगी। उन्होंने कहा, ‘‘अगर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह दलितों और आदिवासियों की रक्षा करने में सक्षम नहीं हैं, तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए।’’
पेशाब करने की घटना के आरोपी प्रवेश शुक्ला को वायरल वीडियो क्लिप के आधार पर बुधवार को गिरफ्तार किया गया था। उसके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम, भारतीय दंड संहिता और अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
घटना पर राष्ट्रीय आक्रोश के बीच, स्थानीय अधिकारियों ने शुक्ला के पिता के घर के एक कथित अवैध हिस्से को ढहा दिया। विपक्षी कांग्रेस ने पेशाब करने की घटना की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग की है।
भाजपा ने कांग्रेस के इस दावे का खंडन किया था कि शुक्ला एक भाजपा विधायक से जुड़ा हुआ था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY