ठाणे, 10 मार्च महाराष्ट्र के ठाणे जिले में बच्चों के लिए आयोजित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रशिक्षण शिविर पर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा पथराव किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
यह घटना रविवार रात डोंबिवली के कचोरे गांव में हुई। पथराव में कोई घायल नहीं हुआ।
तिलकनगर पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक विजय कुमार कदम ने बताया कि हमलावरों की पहचान के लिए इलाके में लगे विभिन्न सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा, “संघ की शाखा के कुछ बच्चे रविवार रात करीब आठ बजे कचोरे मैदान में प्रशिक्षण ले रहे थे, तभी यह घटना हुई। शिकायत के आधार पर, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।”
एक स्थानीय संघ कार्यकर्ता ने दावा किया कि पिछले एक महीने में यह दूसरी बार है जब प्रशिक्षण सत्र के दौरान पथराव किया गया है।
इलाके में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY