देश की खबरें | वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव पश्चिम बंगाल में नहीं बिहार में किया गया: ममता

सागर आइलैंड (प.बंगाल), पांच जनवरी पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव उनके राज्य में नहीं बल्कि पड़ोसी राज्य बिहार में किया गया।

उन्होंने कहा कि वह उन मीडिया घरानों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगी, जिन्होंने घटना के पश्चिम बंगाल में होने की ‘‘झूठी खबर’’ फैलाई।

बनर्जी ने सागर आइलैंड में पत्रकारों से कहा, ‘‘वंदे भारत पर पथराव पश्चिम बंगाल में नहीं बिहार में किया गया। हम उन मीडिया घरानों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे जिन्होंने घटना के पश्चिम बंगाल में होने की झूठी खबरें फैलाईं और हमारे राज्य को बदनाम किया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘वंदे भारत कुछ और नहीं बल्कि एक पुरानी ट्रेन है जिसे नए इंजन के साथ नया रूप दिया गया है। ’’

बनर्जी, आठ जनवरी से शुरू होने वाले गंगासागर मेले की तैयारियों का मुआयना करने दो दिवसीय दौरे पर यहां पहुंची थीं।

रेलवे अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि उन्होंने ट्रेन पर पथराव करने वालों की पहचान कर ली है।

इस बीच पूर्वी रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) एकलव्य चक्रवर्ती ने ‘पीटीआई-’ से कहा कि वीडियो फुटेज की जांच करने के बाद पता लगा कि सोमवार को वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव की घटना मालदा जिले में हुई और मंगलवार को ऐसी ही घटना बिहार के किशनगंज जिले में हुई, दोषियों को पकड़ने की कोशिश की जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)