एजेंसी न्यूज

Stock Market: शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन तेजी, सेंसेक्स 224 अंक चढ़ा

स्थानीय शेयर बाजार में तेजी का सिलसिला बुधवार को लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा और बीएसई सेंसेक्स 224 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ. वैश्विक बाजारों में कमजोरी के रुख के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज, जोमैटो और कोटक बैंक में लिवाली से बाजार में बढ़त में रहा.

Stock Market: शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन तेजी, सेंसेक्स 224 अंक चढ़ा
Bombay Stock Exchange | PTI

मुंबई, 15 जनवरी : स्थानीय शेयर बाजार में तेजी का सिलसिला बुधवार को लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा और बीएसई सेंसेक्स 224 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ. वैश्विक बाजारों में कमजोरी के रुख के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज, जोमैटो और कोटक बैंक में लिवाली से बाजार में बढ़त में रहा. तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 224.45 अंक यानी 0.29 प्रतिशत की बढ़त के साथ 76,724.08 अंक पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान, एक समय यह 491.42 अंक तक चढ़ गया था.

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 37.15 अंक यानी 0.16 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,213.20 अंक पर बंद हुआ. सेंसेक्स के शेयरों में जोमैटो में चार प्रतिशत से अधिक की तेजी आई. इसके अलावा एनटीपीसी, पावर ग्रिड, कोटक महिंद्रा बैंक, मारुति, टेक महिंद्रा, लार्सन एंड टुब्रो, रिलायंस इंडस्ट्रीज और अदाणी पोर्ट्स के शेयर भी लाभ में रहे. दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फिनसर्व, एक्सिस बैंक और टाटा मोटर्स शामिल हैं. एशिया के अन्य बाजारों में हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त में जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और चीन का शंघाई कम्पोजिट नुकसान में रहे. यह भी पढ़ें : नमामि गंगे पर काम करने वाले उप्र के अधिकारी को मिला प्रधानमंत्री का उत्कृष्टता पुरस्कार

यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में गिरावट का रुख रहा. अमेरिकी बाजार मंगलवार को बढ़त में रहे थे. वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.38 प्रतिशत की बढ़त के साथ 80.22 डॉलर प्रति बैरल रहा. शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मंगलवार को 8,132.26 करोड़ रुपये के शेयर बेचे. बीएसई सेंसेक्स मंगलवार को 169.62 अंक के लाभ में रहा था जबकि एनएसई निफ्टी में 90.10 अंक की तेजी आई थी.

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 15, 2025 04:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).