जरुरी जानकारी | शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन गिरावट, सेंसेक्स 248 अंक टूटा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. वैश्विक बाजारों के कमजोर रुख और विदेशी कोषों की निकासी के बीच स्थानीय शेयर बाजारों में बृहस्पतिवार को लगातार दूसरे दिन गिरावट आई।
मुंबई, 19 अक्टूबर वैश्विक बाजारों के कमजोर रुख और विदेशी कोषों की निकासी के बीच स्थानीय शेयर बाजारों में बृहस्पतिवार को लगातार दूसरे दिन गिरावट आई।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 247.78 अंक या 0.38 प्रतिशत गिरकर 65,629.24 अंक पर बंद हुआ। दिन में कारोबार के दौरान यह 533.52 अंक या 0.80 प्रतिशत तक टूटकर 65,343.50 अंक पर आ गया था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 46.40 अंक या 0.24 प्रतिशत के नुकसान के साथ 19,624.70 अंक पर रहा।
सेंसेक्स की कंपनियों में सूचना प्रौद्योगिकी फर्म विप्रो के शेयर में करीब तीन प्रतिशत की गिरावट आई। एनटीपीसी, टेक महिंद्रा, जेएसडब्ल्यू स्टील, भारती एयरटेल, टाटा स्टील, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, आईसीआईसीआई बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर भी नुकसान में रहे।
वहीं नेस्ले के शेयर में करीब चार प्रतिशत का उछाल आया। अल्ट्राटेक सीमेंट, इंडसइंड बैंक, लार्सन एंड टुब्रो और एक्सिस बैंक के शेयर भी फायदे में रहे।
अन्य एशियाई बाजारों में चीन का शंघाई कम्पोजिट, जापान का निक्की, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और हांगकांग का हैंगसेंग नकारात्मक रुख के साथ बंद हुए।
यूरोपीय बाजार दोपहर के कारोबार में नुकसान में थे। वहीं अमेरिकी बाजार बुधवार को नकारात्मक रुख के साथ बंद हुए थे।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल 1.99 प्रतिशत की गिरावट के साथ 89.68 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
शेयर बाजारों के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) बुधवार को बिकवाल रहे और उन्होंने 1,831.84 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
बीएसई का 30 शेयर वाला सेंसेक्स बुधवार को 551.07 अंक या 0.83 प्रतिशत गिरकर 65,877.02 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 140.40 अंक या 0.71 प्रतिशत फिसलकर 19,671.10 अंक पर रहा था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 19, 2023 04:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

