देश की खबरें | राज्यों को वक्फ बोर्ड की संरचना तय करने वाले नियमों में लचीलापन सुनिश्चित किया जाना चाहिए: तेदेपा

नयी दिल्ली, दो अप्रैल राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सहयोगी तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) ने बुधवार को सरकार से वक्फ बोर्ड की संरचना तय करने में राज्यों को लचीलापन प्रदान करने पर विचार करने का आग्रह किया।

लोकसभा में वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2025 पर चर्चा में भाग लेते हुए तेदेपा सांसद कृष्ण प्रसाद तेन्नेटी ने कहा कि केंद्र को अधिनियम के लिए नियम बनाते समय राज्यों को वक्फ बोर्ड की संरचना तय करने में लचीलापन प्रदान करने पर विचार करना चाहिए।

उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र मुस्लिम महिलाओं, युवाओं और वंचितों के हित में अपने-अपने राज्यों में बोर्ड की संरचना के संबंध में राज्य सरकारों को लचीला रुख अपनाने देने के सुझाव पर विचार करेगा।

उन्होंने कहा कि यह कदम समावेशी विकास और समुदायों के कल्याण के लिए तेदेपा की प्रतिबद्धता सुनिश्चित करेगा।

यह विधेयक वक्फ संपत्तियों के विनियमन और प्रबंधन में मुद्दों को हल करने के लिए वक्फ अधिनियम, 1995 में संशोधन करना चाहता है।

वक्फ बोर्ड भारत में 9.4 लाख एकड़ में फैली 8.7 लाख संपत्तियों की देखरेख करते हैं, जिनकी कीमत 1.2 लाख करोड़ रुपये है।

विधेयक में वक्फ अधिनियम की धारा 40 को हटाने का प्रस्ताव है, जो बोर्ड को वक्फ संपत्ति की स्थिति निर्धारित करने की अनुमति देता है।

उन्होंने कहा कि इन संपत्तियों का समुदाय के लाभ के लिए कम उपयोग किया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)