देश की खबरें | राज्य के विश्वविद्यालय मणिपुर के विद्यार्थियों की मदद करें: ओडिशा सरकार

भुवनेश्वर, 28 जुलाई ओडिशा सरकार ने राज्य के विश्वविद्यालयों से यह सुनिश्चित करने के लिए कहा है कि मणिपुर के विद्यार्थियों को उनके परिसर में किसी तरह की समस्या का सामना नहीं करना पड़े और यथासंभव सर्वोत्तम तरीके से उनकी मदद की जाए। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उच्च शिक्षा विभाग ने बृहस्पतिवार को विभिन्न विश्वविद्यालयों के परिसर में मणिपुरी विद्यार्थियों के विवरण, पूर्वोत्तर राज्य में झड़पों के मद्देनजर उनके सामने आने वाली समस्याओं और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संस्थानों द्वारा किए जा रहे उपचारात्मक उपायों को लेकर एक रिपोर्ट मांगी है।

विभाग ने विश्वविद्यालयों को लिखे पत्र में उनसे मणिपुरी विद्यार्थियों की वित्तीय और फीस जमा करने की तारीख का विस्तार करने जैसी अन्य जरूरतों का ध्यान रखने के लिए कहा है।

मणिपुर की राज्यपाल अनुसुइया उइके और मणिपुर के मुख्य सचिव विनीत जोशी द्वारा राज्य को लिखे गए पत्रों के मद्देनजर यह पत्र विश्वविद्यालयों को जारी किया गया।

उइके ने ओडिशा के राज्यपाल गणेशी लाल को पत्र लिखकर यह सुनिश्चित करने में सहयोग मांगा कि मणिपुर के विद्यार्थियों को अपनी शैक्षणिक गतिविधियों में किसी कठिनाई का सामना ना करना पड़े।

जोशी ने ओडिशा के उच्च शिक्षा विभाग के सचिव को लिखा कि मणिपुर के जो विद्यार्थी इंटरनेट पर पाबंदी के कारण ऑनलाइन माध्यम से आवेदन जमा करने में असमर्थ हैं, उन्हें डाक के जरिये आवेदन जमा करने की अनुमति दी जाए। जोशी ने आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि को भी बढ़ाने का अनुरोध किया।

यहां के एक प्रतिष्ठित संस्थान में प्रबंधन की पढ़ाई कर रही मणिपुर की एक छात्रा ने कहा कि उसे घर से पैसा मंगाने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन वह स्थानीय दोस्तों की मदद से किसी तरह काम चला रही हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)