देश की खबरें | झारखंड में ‘अराजकता’ की स्थिति, सरकार भ्रष्टाचार में मस्त : भाजपा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रदेश भाजपा ने शुक्रवार को राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि झारखंड में ‘अराजकता’ की स्थिति है और सरकार को इससे कोई वास्ता नहीं है क्योंकि वह भ्रष्टाचार और स्थानांतरण में मस्त है।
रांची, नौ अक्तूबर प्रदेश भाजपा ने शुक्रवार को राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि झारखंड में ‘अराजकता’ की स्थिति है और सरकार को इससे कोई वास्ता नहीं है क्योंकि वह भ्रष्टाचार और स्थानांतरण में मस्त है।
राज्य में महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार और गिरिडीह में एक नाबालिग दलित लड़की को जिंदा जलाकर मार डालने की घटना पर झारखंड उच्च न्यायालय की बृहस्पतिवार को की गयी तल्ख टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता पार्टी के विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी और प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने आज यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राज्य की हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली यूपीए की सरकार में चोरी, डकैती, अपराध, हत्या, उग्रवाद, व दुष्कर्म की घटना में भारी बढ़ोतरी हुई है, अराजकता की स्थिति है लेकिन सरकार गहरी निद्रा में है।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘गठबंधन की सरकार भ्रष्टाचार और ट्रांसफर पोस्टिंग में मदमस्त है। अपराधियों को सरकार की शह मिली हुई है। राज्य में अपराधी और अपराध बेकाबू हैं।’’
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने मांग की कि गिरिडीह मामले में दारोगा एवं पुलिस उपाधीक्षक को निलंबित करते हुए तत्काल एसआईटी गठित कर उक्त मामले की जांच की जाये और पीड़ित परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाये।
वहीं मरांडी ने गिरिडीह मामले में उच्च न्यायालय की तल्ख टिप्पणी पर कहा कि इस मामले में भाजपा की जांच की मांग को राज्य सरकार ने पहले दरकिनार कर दिया था।
उन्होंने कहा कि अब उच्च न्यायालय की टिपण्णी ने सरकार के मंसूबे पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन आरोपियों को बचाने में लगा है।
इस वर्ष 30 मार्च को गिरिडीह के राजधनवार थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की को दुष्कर्म के बाद जिंदा जला दिया गया था। जबकि पुलिस ने न तो आरोपियों को गिरफ्तार किया बल्कि समय पर नमूनों को भी जांच के लिए नहीं भेजा। मरांडी ने कहा कि सरकार का महिलाओं एवं लड़कियों के खिलाफ होने वाले अपराध के मामले में यह रवैया दुर्भाग्यजनक है जो महिला सुरक्षा पर राज्य सरकार की कार्यशैली को दर्शाता है।
इससे पूर्व बृहस्पतिवार को झारखंड उच्च न्यायालय ने गिरिडीह में जिंदा जलाकर मार दी गयी नाबालिग दलित लड़की के मामले में नामदज आरोपियों के खिलाफ अब तक उचित कार्रवाई न किये जाने पर तल्ख टिप्पणी करते हुए अपने लिखित आदेश में कहा था, ‘‘हाथरस’’ केवल उत्तर प्रदेश में ही नहीं है बल्कि यह झारखंड में भी है।’’
भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में प्रकाश ने कहा कि राज्य की कानून व्यवस्था लचर हो गई है। जनवरी से जुलाई तक सात महीने में 161 दहेज हत्या, 16 डायन हत्या, व प्रतिदिन औसतन दुष्कर्म की पांच घटना, बढ़ते अपराध और उग्रवाद की घटनाओं पर राज्य के मुखिया जनता को जवाब दें।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)