जरुरी जानकारी | प्रधानमंत्री मोदी की अगुवाई में नौ वर्ष में 300 गुना बढ़े स्टार्टअप: जितेंद्र सिंह

उधमपुर (जम्मू-कश्मीर), 10 जून केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में पिछले नौ वर्षों में देश में स्टार्टअप की संख्या 300 गुना बढ़ गई है।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) में राज्यमंत्री उधमपुर में दो दिवसीय ‘यंग स्टार्टअप कॉन्क्लेव’ में बोल रहे थे। उधमपुर जितेंद्र सिंह का संसदीय क्षेत्र है।

सिंह ने कहा, “भारत में स्टार्टअप की संख्या पिछले नौ वर्षों में 300 गुना बढ़ चुकी है। जहां 2014 से पहले सिर्फ 350 स्टार्टअप थे, वहीं अब 100 से ज्यादा यूनिकॉर्न समेत 90,000 से ज्यादा स्टार्टअप हो गए हैं।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा प्रवर्तित स्टार्टअप आंदोलन अब देश के हर कोने में पहुंच चुका है।

जितेंद्र सिंह ने कहा कि उधमपुर में आयोजित यह सम्मेलन उद्योग और उद्यमियों को नए रास्ते तलाशने के मौके देता है। मोदी के नेतृत्व में, जम्मू-कश्मीर को हर चीज में सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। यही कारण है कि जम्मू-कश्मीर देश के अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ विकास के मामले में प्रतिस्पर्धा कर रहा है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा, “वर्ष 2023 कई कारणों से महत्वपूर्ण है। इसी वर्ष भारत को जी20 की अध्यक्षता मिली है। मोदी के प्रयासों के कारण संयुक्त राष्ट्र द्वारा इस वर्ष को अंतरराष्ट्रीय ‘श्रीअन्न’ (मोटे अनाज) वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है, जो दर्शाता है कि वर्तमान सरकार के तहत दुनिया में भारत का कद कैसे बढ़ा है।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)