देश की खबरें | बेंगलुरु में भगदड़ : भाजपा ने सिद्धरमैया और शिवकुमार के इस्तीफे की मांग की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बेंगलुरु में भगदड़ की घटना के लिए राज्य की कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए बृहस्पतिवार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार के इस्तीफे की मांग की।
नयी दिल्ली, पांच जून भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बेंगलुरु में भगदड़ की घटना के लिए राज्य की कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए बृहस्पतिवार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार के इस्तीफे की मांग की।
बेंगलुरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास बुधवार को मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई और 33 लोग घायल हो गए। इस दौरान हजारों की संख्या में आरसीबी टीम के प्रशंसक आईपीएल में उसकी पहली खिताबी जीत के बाद टीम की एक झलक पाने के लिए पहुंचे थे।
भाजपा सांसद एवं पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को इस दुखद घटना पर अपनी चुप्पी तोड़नी चाहिए।
पात्रा ने कहा, ‘‘यह स्पष्ट रूप से राज्य सरकार की विफलता है। राज्य सरकार को अपनी विफलता स्वीकार करनी होगी। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री को 11 निर्दोष लोगों की मौत और इस घटना में घायल हुए लोगों के लिए इस्तीफा देना होगा।’’
कर्नाटक की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए पात्रा ने पूछा, ‘‘राहुल गांधी कहां हैं, जो भारत का मजाक उड़ाते रहते हैं, हर दिन भारत के खिलाफ बोलते हैं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और सेना का मजाक उड़ाते हैं और कहते हैं कि यह उनका लोकतांत्रिक अधिकार है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘वह कहां छिपे हैं? क्या राहुल गांधी इस मुद्दे पर डीके शिवकुमार और सिद्धरमैया के ट्वीट (एक्स पर पोस्ट) पर सवाल उठाएंगे और उन्हें दिल्ली बुलाएंगे? क्या वह उनसे इस्तीफा देने के लिए कहेंगे?’’
पात्रा ने कहा, ‘‘हम उनकी प्रतिक्रिया का भी इंतजार कर रहे हैं। हमें उम्मीद है कि राहुल गांधी, आप सामने आएंगे और बोलेंगे और अपने नेता के खिलाफ कार्रवाई करेंगे क्योंकि कर्नाटक में सरकार आपकी है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 05, 2025 02:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

