चेन्नई, चार मई तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने दिल्ली में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे पहलवानों और पुलिस के बीच कथित तौर पर हाथापाई की घटना को लेकर बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधा।
उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं को सशक्त बनाने को लेकर प्रधानमंत्री ‘झूठे वादे’ करते हैं और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आरोपी व्यक्तियों का ‘‘बचाव’’ कर रही है।
यौन उत्पीड़न के आरोपों के संबंध में भारतीय कुश्ती महासंघ के प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजधानी में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे पहलवानों और कुछ पुलिसकर्मियों के बीच बीती रात कथित तौर पर हाथापाई हुई, जिसके कारण कुछ प्रदर्शनकारियों के सिर पर चोटें आई हैं।
पहलवानों का आरोप है कि पुलिस ने उनके साथ ‘हाथापाई’ की।
स्टालिन ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘हमारे चैंपियन पहलवानों के साथ घोर अन्याय हो रहा है, जिन्होंने हमारे देश का गौरव बढ़ाया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे प्रधानमंत्री महिला सशक्तीकरण पर उपदेश देते रहते हैं। जबकि पीड़ितों को प्रताड़ित करना और आरोपियों को बचाना भाजपा की पहचान बन गई है जैसा कि हमने कठुआ, उन्नाव, हाथरस, बिलकिस बानो आदि मामलों में देखा है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं हमारे पहलवानों के लिए न्याय की मांग करता हूं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY