कोलंबो, 18 सितंबर श्रीलंका के पूर्वी शहर त्रिंकोमाली में लिट्टे के एक प्रमुख सदस्य के लिए आयोजित स्मृति कार्यक्रम में शामिल लोगों पर सिंहली समूह द्वारा किए गए हमले के संबंध में एक अदालत ने सोमवार को कम से कम छह लोगों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
त्रिंकोमाली के कप्पलथुरई इलाके में रविवार को बहुसंख्यक सिंहलियों के एक समूह ने तमिल नेशनल एलायंस के सांसद सेलवराज काजेन्द्रन और 14 अन्य लोगों पर हमला कर दिया था।
त्रिंकोमाली की अदालत ने हमले के सिलसिले में छह लोगों को 21 सितंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
तमिल समूह ने बताया कि सिंहलियों के समूह ने काजेन्द्रन को पीटा और थिलीपन के स्मृति कार्यक्रम को बाधित किया और पुलिस मूकदर्शक बनी देखती रही। थिलीपन, उत्तरी क्षेत्र में लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (लिट्टे) के प्रमुख कार्यकर्ता थे।
थिलीपन ने जुलाई 1987 में भारत-श्रीलंका समझौते पर हस्ताक्षर के तुरंत बाद जाफना जिले में श्रीलंकाई सुरक्षा बलों की कार्रवाई से परेशान होकर भारत के हस्तक्षेप की मांग करते हुए सितंबर 1987 में भूख हड़ताल शुरू की थी।
थिलीपन की 26 सितंबर 1987 को भूख हड़ताल से मौत हो गई थी। लिट्टे ने जाफना में उनका एक स्मारक बनवाया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY