जरुरी जानकारी | श्रीलंका : सत्तारूढ़ दल के सांसदों को घरेलू ऋण पुनर्गठन संबंधी सत्र के दौरान उपस्थित रहने को कहा गया

कोलंबो, 25 जून श्रीलंका के सत्तारूढ़ दल के सांसदों को घरेलू ऋण पुनर्गठन पर निर्णय को लेकर संसद के एक महत्वपूर्ण अनिर्धारित सत्र के लिए कोलंबो में रहने के लिए कहा गया है। सत्तारूढ़ दल के सूत्रों ने यह जानकारी दी।

श्रीलंका वर्तमान में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) की राहत शर्तों के अनुसार ऋण पुनर्गठन पर अपने बाहरी कर्जदाताओं के साथ बातचीत कर रहा है।

आईएमएफ ने सितंबर में अगली समीक्षा से पहले श्रीलंका को उसके सभी कर्जदाताओं से एक समझौता करने के लिए कहा है।

कहा गया है कि बाहरी कर्जदाता इस बात पर अड़े हैं कि सरकार अपनी घरेलू ऋण पुनर्गठन (डीडीआर) योजना की घोषणा पहले ही कर दे।

मार्च में, आईएमएफ ने कर्ज में डूबे श्रीलंका को पिछले साल विनाशकारी आर्थिक संकट से जूझने के बाद उसकी अर्थव्यवस्था को स्थिर करने में मदद के वास्ते चार साल की अवधि के लिए लगभग तीन अरब डॉलर की राहत सुविधा प्रदान की थी।

स्थानीय मीडिया की अटकलों के मुताबिक, संसद के एक विशेष सत्र में सत्तारूढ़ दल श्रीलंका पोडुजाना पेरमुना (एसएलपीपी) के सदस्यों के मतदान करने की उम्मीद है, जो अगले सप्ताहांत में हो सकता है।

उम्मीद है कि सरकार मौजूदा आर्थिक संकट के बीच घरेलू ऋण पुनर्गठन (डीडीआर) के लिए अपनी योजना की घोषणा कर सकती है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)