एजेंसी न्यूज

खेल की खबरें | रिकॉर्ड बनाने वाली ऑस्ट्रेलिया की धमाकेदार बल्लेबाजी के बाद श्रीलंका मुश्किल में

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. ऑस्ट्रेलिया ने बृहस्पतिवार को यहां पहले टेस्ट के दूसरे दिन छह विकेट पर 654 रन पर पहली पारी घोषित करके एशिया में अपना अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बनाया जिसके बाद श्रीलंका की टीम स्टंप तक तीन विकेट पर 44 रन बनाकर मुश्किल में है।

खेल की खबरें | रिकॉर्ड बनाने वाली ऑस्ट्रेलिया की धमाकेदार बल्लेबाजी के बाद श्रीलंका मुश्किल में

गॉल (श्रीलंका), 30 जनवरी ऑस्ट्रेलिया ने बृहस्पतिवार को यहां पहले टेस्ट के दूसरे दिन छह विकेट पर 654 रन पर पहली पारी घोषित करके एशिया में अपना अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बनाया जिसके बाद श्रीलंका की टीम स्टंप तक तीन विकेट पर 44 रन बनाकर मुश्किल में है।

चिलचिलाती धूप में क्षेत्ररक्षण करते हुए साढ़े पांच सत्र बिताने के बाद थके हुए श्रीलंका के बल्लेबाज संघर्ष करते दिखे। ओशादा फर्नांडो सात रन पर आउट होने वाले पहले बल्लेबाज थे, जिन्हें मैथ्यू कुहनेमैन ने पगबाधा आउट किया।

पूर्व कप्तान दिमुथ करुणारत्ने और एंजेलो मैथ्यूज भी ज्यादा देर तक नहीं टिक पाए। दोनों ही ऑस्ट्रेलिया के बेहतरीन क्षेत्ररक्षण का शिकार हुए। करुणारत्ने सात रन पर मिशेल स्टार्क की गेंद पर गली में शानदार कैच लपकवाकर आउट हुए और मैथ्यूज सात रन पर आउट हुए। नाथन लियोन की ऑफ स्पिन पर ट्रेविस हेड ने मैथ्यूज का कैच लपका।

दिनेश चांदीमल और कामिंडु मेंडिस कुछ चुनौतीपूर्ण क्षणों का सामना करते हुए स्टंप तक डटे रहे। श्रीलंका की टीम खराब होती पिच पर अभी 610 रन से पीछे नाजुक स्थिति में है।

ऑस्ट्रेलिया ने सुबह दो विकेट पर 330 रन से आगे खेलना शुरू किया जिसमें सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा और कार्यवाहक कप्तान स्टीव स्मिथ शतक जड़कर खेल रहे थे।

पहले दिन 10,000 टेस्ट रन पूरे करने वाले स्मिथ ने 251 गेंद पर 141 रन की शानदार पारी खेली। ख्वाजा के साथ उनकी 266 रनों की साझेदारी दोनों टीमों के बीच टेस्ट मैच में तीसरे विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है। उन्होंने कैंडी में 2004 में एडम गिलक्रिस्ट और डेमियन मार्टिन के बीच 200 रन की पिछली सर्वश्रेष्ठ साझेदारी को पीछे छोड़ दिया।

स्मिथ को वेंडरसे द्वारा पगबाधा आउट किए जाने के बाद ख्वाजा ने शानदार तरीके से स्ट्राइक रोटेट की और ढीली गेंदों को सीमारेखा के पार पहुंचाया। ख्वाजा ने फिर अपना पहला दोहरा शतक पूरा किया और जोश इंगलिस पदार्पण मैच में शतक बनाने वाले 21वें ऑस्ट्रेलियाई बन गए।

ख्वाजा की आठ घंटे से अधिक की 352 गेंद में खेली गई 232 रन की पारी ऐतिहासिक थी, वह श्रीलंका में दोहरा शतक लगाने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी हैं। श्रीलंका के खिलाफ यह ऑस्ट्रेलिया का सर्वोच्च व्यक्तिगत टेस्ट स्कोर है। 38 साल की उम्र में वह डॉन ब्रैडमैन के बाद ऑस्ट्रेलिया के लिए दोहरा शतक लगाने वाले दूसरे खिलाड़ी हैं। ख्वाजा बाएं हाथ के गेंदबाज़ प्रभात जयसूर्या की गेंद पर विकेट के पीछे लपके गए।

इंगलिस (102 रन) ने भी तेजी से खेलते हुए अपना शतक जड़ने में ज्यादा समय नहीं लिया। उन्होंने महज 90 गेंद में शतक जड़ा जिससे वह पुरुष क्रिकेटरों में भारत के शिखर धवन के बाद पदार्पण में सबसे तेज 100 रन बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए। धवन ने 2013 में महज 85 गेंद में सैकड़ा बनाया था।

इंगलिस ने चौथे विकेट के लिए 146 रन की भागीदारी से ऑस्ट्रेलिया का दबदबा मजबूत किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 30, 2025 08:58 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).