देश की खबरें | खेल मंत्री ने सात पूर्व खिलाड़ियों को मिशन ओलंपिक सेल में शामिल किया

नयी दिल्ली, दो दिसंबर दिग्गज फुटबॉल खिलाड़ी बाईचुंग भूटिया और लंबी कूद की स्टार एथलीट अंजू बॉबी जॉर्ज उन सात पूर्व खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्हें 2024 पेरिस ओलंपिक को देखते हुए गुरुवार को मिशन ओलंपिक सेल (एमओसी) में शामिल किया गया।

भारत की नजरें तोक्यो ओलंपिक की सफलता को आगे बढ़ाते हुए पेरिस 2024 में बेहतर प्रदर्शन करने पर टिकी हैं।

एमओसी खेल मंत्रालय की पहल टारगेट ओलंपिक पोडियम योजना (टॉप्स) के जरिए भारत की ओलंपिक तैयारियों को आगे बढ़ाता है।

एमओसी में जिन नए सदस्यों को शामिल किया गया है उनमें राष्ट्रीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान सरदार सिंह, दिग्गज राइफल निशानेबाज अंजलि भागवत, पूर्व हॉकी कप्तान और ओलंपिक गोल्ड क्वेस्ट के सीईओ वीरेन रासकिन्हा, बैडमिंटन खिलाड़ी तृप्ति मुरगुंडे और टेबल टेनिस खिलाड़ी मोनालिसा मेहता शामिल हैं।

खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि पिछले ओलंपिक चक्र से मिले अनुभव के आधार पर यह फैसला किया गया।

ठाकुर ने कहा, ‘‘निवर्तमान एमओसी में शामिल पूर्व खिलाड़ियों के सुझाव ने तोक्यो 2020 ओलंपिक में हिस्सा लेने और सात पदक जीतने तथा पैरालंपिक खेलों में 19 पदक जीतने वाले खिलाड़ियों की ट्रेनिंग और प्रतियोगिता में हिस्सा लेने में अहम भूमिका निभाई।’’

ओलंपियन सेलर और खेल विज्ञान विशेषज्ञ मालव श्रॉफ एमओसी में बन रहेंगे जिसके अध्यक्ष साइ महानिदेशक संदीप प्रधान होंगे।

भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के अध्यक्ष आदिले सुमारिवाला और टॉप्स सीईओ कोमोडोर पुष्पेंद्र गर्ग एमओसी में शामिल अन्य पूर्व खिलाड़ी हैं।

केंद्र मंत्री अर्जुन मुंडा, अजय सिंह और बृज भूषण शरण सिंह क्रमश: भारतीय तीरंदाजी संघ, भारतीय मुक्केबाजी महासंघ और भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष होने के कारण एमओसी का हिस्सा होंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)