देश की खबरें | छत्तीसगढ़ विधानसभा का विशेष सत्र, राज्यपाल ने मांगी जानकारी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ में विधानसभा के विशेष सत्र की अनुमति मांगे जाने पर राज्यपाल ने इस संबंध में अधिक जानकारी मांगी है। राज्य सरकार इस सत्र में केन्द्र के कृषि कानूनों के खिलाफ विधेयक पेश कर सकती है।
रायपुर, 20 अक्टूबर छत्तीसगढ़ में विधानसभा के विशेष सत्र की अनुमति मांगे जाने पर राज्यपाल ने इस संबंध में अधिक जानकारी मांगी है। राज्य सरकार इस सत्र में केन्द्र के कृषि कानूनों के खिलाफ विधेयक पेश कर सकती है।
राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि सरकार ने राज्यपाल अनुसुईया उइके से विधानसभा का विशेष सत्र बुलाए जाने के लिए अनुमति मांगी थी, लेकिन राज्यपाल ने इस संबंध में और अधिक जानकारी चाही है।
अधिकारियों ने बताया कि राजभवन को विशेष सत्र की अनुमति से संबंधित फाइल भेजी गयी तब राज्यपाल उइके ने अनुमति देने से पहले इस सत्र का विषय और सत्र बुलाए जाने का औचित्य पूछा है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार इस महीने की 27 और 28 तारीख को विधानसभा का विशेष सत्र बुलाना चाहती है जिसमें केन्द्र के कृषि कानूनों के खिलाफ विधेयक पेश किए जा सकते हैं।
राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पहले ही कह चुके हैं कि केंद्र सरकार द्वारा लाए गए नए कृषि कानूनों का किसानों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा, इसलिए उनकी सरकार विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर कानून बनाएगी जिससे केंद्रीय कृषि कानूनों के कारण छत्तीसगढ़ के किसान और मजदूर प्रभावित न हों।
संवाददाताओं से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि पूर्ण बहुमत की सरकार को विधानसभा सत्र बुलाने से राज्यपाल नहीं रोक सकते हैं। लेकिन फिर भी राज्यपाल ने कुछ सवाल किए हैं तब इसका जवाब भेज दिया जाएगा। उसके बाद भी अनुमति नहीं मिलेगी, ऐसा मुझे नहीं लगता है।
इस दौरान बघेल ने कहा कि ‘‘गैर भाजपा शासित राज्य में राजभवन का उपयोग राजनीतिक रूप से क्यों किया जा रहा है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)