देश की खबरें | गणतंत्र दिवस पर हुई हिंसा की साजिश और आपराधिक मंसूबों की जांच करेगा विशेष प्रकोष्ठ: दिल्ली पुलिस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली पुलिस का विशेष प्रकोष्ठ 26 जनवरी को किसानों की ट्रैक्टर परेड के दौरान हुई हिंसा की ''साजिश'' और ''आपराधिक मंसूबों'' की जांच करेगा। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 28 जनवरी दिल्ली पुलिस का विशेष प्रकोष्ठ 26 जनवरी को किसानों की ट्रैक्टर परेड के दौरान हुई हिंसा की ''साजिश'' और ''आपराधिक मंसूबों'' की जांच करेगा। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
दिल्ली पुलिस ने दावा किया कि किसान नेताओं के साथ बनी सहमति को दरकिनार करने की ''पूर्व नियोजित'' तथा ''सोची-समझी'' योजना थी ताकि गणतंत्र दिवस पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सरकार को शर्मिंदा कराया जा सके ।
पुलिस ने एक बयान में कहा, ''विशेष प्रकोष्ठ 26 जनवरी को हुईं दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं की साजिश और आपराधिक मंसूबों की जांच कर रहा है।''
बयान में कहा गया है, ''प्रारंभिक जांच में पता चला है कि सुरक्षा बलों से हिंसक झड़प करने, ऐतिहासिक धरोहर की पवित्रता को तार-तार करने और गणतंत्र दिवस के मौके पर सरकार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शर्मिंदा कराने के लिये दिल्ली पुलिस तथा किसान संगठनों के बीच बनी सहमति को पूर्व नियोजित तथा सोची-समझी साजिश के तहत दरकिनार किया गया।''
पुलिस ने कहा कि आपराधिक मामले दर्ज किये गए हैं और गैरकानूनी गतिविधियां (निवारण) अधिनियम के प्रावधानों तथा भारतीय दंड संहिता की राजद्रोह से संबंधित धाराओं के तहत जांच की जा रही है।
बयान के अनुसार, ''भारत तथा देश से बाहर स्थित लोगों और संगठनों की भूमिका तथा गतिविधियों की जांच की जा रही है। जांच प्रगति पर है और विस्तृत जानकारी साझा की जाती रहेगी। ''
केन्द्र के तीन कृषि कानूनों को निरस्त करने की मांग को लेकर किसान यूनियनों की ट्रैक्टर रैली के दौरान प्रदर्शनकारी किसानों की पुलिस के साथ झड़प हो गई थी।
प्रदर्शनकारी ट्रैक्टर लेकर लाल किले पहुंच गए थे। इस दौरान उन्होंने लाल किले की गुंबद और प्राचीर के ध्वज स्तंभ पर धार्मिक झंडा लगा दिया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)