नयी दिल्ली, 23 जनवरी लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई नेताओं ने सोमवार को संसद भवन के केन्द्रीय कक्ष में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
संसद भवन के केन्द्रीय कक्ष में आयोजित समारोह में लोकसभा अध्यक्ष और प्रधानमंत्री के अलावा राज्य सभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे, कई केंद्रीय मंत्रियों, संसद सदस्यों एवं पूर्व सांसदों ने सुभाष चंद्र बोस के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
लोकसभा सचिवालय के बयान के अनुसार, इस अवसर पर ‘अपने नेताओं को जानिए’ कार्यक्रम के तहत भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय एवं युवा मामले एवं खेल मंत्रालय के समन्वय से चयनित 80 युवा प्रतिभागी भी संसद के केन्द्रीय कक्ष में उपस्थित थे।
संसदीय शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान (प्राइड) ने लोक सभा अध्यक्ष के मार्गदर्शन में 'अपने नेताओं को जानिए' शीर्षक से यह नया कार्यक्रम शुरू किया है।
इस अवसर पर बिरला ने सुभाष चंद्र बोस को महानायक बताते हुए कहा कि राष्ट्र के लिए नेताजी का बलिदान, उनका संघर्ष और विचार हर भारतीय खासकर युवाओं को राष्ट्र और समाज की सेवा करने के लिए प्रेरित करते हैं।
बिरला ने कहा, ‘‘ राष्ट्र के प्रति नेताजी के योगदान को सभी भारतीयों को याद रखना चाहिए क्योंकि यह हमें नई ऊर्जा और संकल्प से भर देता है।’’
उन्होंने कहा कि नेताजी के जीवन, उनके विचारों, उनकी देशभक्ति, उनके नेतृत्व, उनके अदम्य साहस, स्वाभिमान और चुनौतियों से लड़ने की ताकत ने राष्ट्र को एक नई दिशा दी है और सभी नागरिकों में राष्ट्रवाद की भावना को मजबूत किया है।
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि नेताजी भारत को एक आत्मनिर्भर और आधुनिक राष्ट्र के रूप में देखना चाहते थे और आज भारत नेताजी के दिखाए रास्ते पर मजबूती से आगे बढ़ रहा है तथा विश्व में अपना उचित स्थान प्राप्त कर चुका है।
जी20 में भारत के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए बिरला ने कहा कि नेताजी की स्मृति दुनिया को वसुधैव कुटुम्बकम के मंत्र को साकार करने के लिए प्रेरित करती है।
दीपक
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY