रांची, 29 दिसंबर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य की संप्रग-नीत गठबंधन सरकार के तीन साल पूरे होने पर बृहस्पतिवार को तीन योजनाओं के तहत 37 लाख से ज्यादा लाभार्थियों के खातों में करीब 950 करोड़ रुपये जमा कराये।
स्थानीय परियोजना भवन में आयोजित राज्य-स्तरीय कार्यक्रम में सोरेन ने खिलाड़ियों के लिए एक पोर्टल शुरू किया और विकास योजनाओं पर नजर रखने के लिए ‘जोहार परियोजना’ पोर्टल शुरू की।
सोरेन ने कहा, ‘‘पिछले तीन साल बहुत चुनौतीपूर्ण रहे, राज्य ने कोविड-19 महामारी को झेला, जहां अर्थव्यवस्था और जीविका के विकल्प थम से गए थे। मुझे नहीं लगता कि पिछले 20 साल में राज्य की किसी भी सरकार ने ऐसी चुनौतियों का सामना किया होगा, लेकिन हम लोगों की मदद से हर आपदा को अवसर में बदलने में सफल रहे।’’
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार राज्य के सभी वर्गों के लोगों के लिए रात-दिन मेहनत कर रही है।
सोरेन ने कहा कि सूखा राहत योजना, मैट्रिक से पहले छात्रवृत्ति और सावित्रीबाई फूले किशोरी समृद्धि योजना के तहत लाखों लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे राशि भेजी गई।
गौरतलब है कि राज्य सरकार ने 29 अक्टूबर को झारखंड के 260 में से 226 प्रखंडों को सूखा प्रभावित घोषित किया था और प्रत्येक प्रभावित किसान को 3,500 रुपये देने की बात कही थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY