विदेश की खबरें | इमरान खान, पार्टी नेताओं के सोशल मीडिया खाते फॉरेंसिक परीक्षण के लिए एफआईए से साझा किए गए
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

इस्लामाबाद, 15 जून पाकिस्तान सरकार ने आठ मार्च से नौ मई के बीच कथित रूप से राज्य विरोधी सामग्री साझा करने की फॉरेंसिक जांच के लिए पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान और उनकी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी के कई अन्य नेताओं के सोशल मीडिया प्रोफाइल संघीय जांच एजेंसी (एफआईए) के साथ साझा किए हैं। मीडिया में आई एक रिपोर्ट में बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी गई है।

‘समा टीवी’ ने पुलिस से मिले विवरण के हवाले से खबर दी है कि खान की पीटीआई के नेताओं के इंस्टाग्राम, फेसबुक और ट्विटर के कुल 23 लिंक एफआईए को भेजे गए हैं।

एफआईए संघीय अपराधों की जांच करने के लिए पाकिस्तान की प्रमुख एजेंसी है।

खबर के मुताबिक, पुलिस ने कहा कि साझा किए गए लिंक पीटीआई नेताओं शाह महमूद कुरैशी, मुराद सईद और हम्माद अजहर के वीडियो और पोस्ट पर आधारित हैं और राजनीतिक नेताओं के बयान नौ मई की हिंसा के मामलों की छानबीन के गठित संयुक्त जांच दल की अंतिम रिपोर्ट का हिस्सा होंगे।

साझा किए गए लिंक के आधार पर वीडियो और पोस्ट की फॉरेंसिक जांच की जा रही है।

खबर में कहा गया है, “ लिंक की फॉरेंसिक रिपोर्ट को जांच रिपोर्ट का हिस्सा बनाया जाएगा। सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को देश के खिलाफ भड़काया गया था।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)