शिरीष बी प्रधान
काठमांडू, 23 दिसंबर भारतीय और वियतनामी मूल के कुख्यात फ्रांसीसी ‘सीरियल किलर’ चार्ल्स शोभराज को यहां की एक जेल से रिहा होने के कुछ घंटे बाद शुक्रवार को फ्रांस निर्वासित कर दिया गया।
उसने 1970 के दशक में एशिया भर में की गई कई हत्याओं के लिए अधिकांश सजा नेपाल की जेल में काटी।
उच्चतम न्यायालय के आदेश के दो दिन बाद शोभराज (78) को काठमांडू की केंद्रीय जेल से शुक्रवार सुबह रिहा कर किया गया। उसे पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच आव्रजन विभाग ले जाया गया।
नेपाल के उच्चतम न्यायालय ने शोभराज को रिहा करने और वापस उसके गृह देश भेजने का दो दिन पहले आदेश दिया था। नेपाल के आव्रजन विभाग और फ्रांसीसी दूतावास ने मिलकर शोभराज के यात्रा दस्तावेज तैयार किए।
शोभराज के वकीलों ने कहा कि उसे आव्रजन उल्लंघनों और अपने यात्रा दस्तावेजों के लिए 70,000 रुपये का शुल्क और जुर्माना देना पड़ा। शोभराज ने अपने हवाई टिकट के लिए ऑनलाइन पैसे की व्यवस्था की।
हालांकि उसकी तथाकथित पत्नी निहिता बिस्वास आव्रजन कार्यालय में मौजूद थी, लेकिन उसे शोभराज से मिलने की अनुमति नहीं दी गई। ऐसा बताया जाता है कि शोभराज ने 2008 में जेल में बिस्वास से कथित तौर पर शादी की थी।
शोभराज के वकीलों में शामिल सुदेश सुबेदी ने ‘पीटीआई-’ से कहा कि उसकी मां और बेटी उसके पेरिस पहुंचने का इंतजार कर रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY