देश की खबरें | मप्र के नीमच में कार से 15 करोड़ रुपये मूल्य की स्मैक जब्त, एक व्यक्ति पकड़ा गया

नीमच (मप्र), 18 अक्टूबर मध्य प्रदेश के नीमच जिले में पुलिस ने एक कार से करीब 15 करोड़ रुपये मूल्य की 14.5 किलोग्राम स्मैक जब्त की है और एक कथित मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

जिले के पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा ने बताया कि असम से लाई जा रही प्रतिबंधित सामग्री को राजस्थान ले जाया जा रहा था। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस की टीम ने मंगलवार को एक कार को रोका और वाहन से 15 पैकेटों में रखी 14.5 किलोग्राम स्मैक बरामद की।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने कथित मादक पदार्थ तस्कर शाहरुख खान (25) को गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 15 करोड़ रुपये आंकी गई है।

अधिकारी ने कहा कि आरोपी से शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि यह खेप असम से लाई जा रही थी और इसे राजस्थान के प्रतापगढ़ ले जाया जा रहा था।

उन्होंने कहा कि खेप के मूल स्त्रोत और मादक पदार्थ के आपूर्ति गिरोह का पता लगाने के लिए आगे जांच की जा रही है।

उन्होंने कहा कि आरोपी पर मादक पदार्थ निषेध से संबंधित एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)