एजेंसी न्यूज

उत्तर भारत में पारे में मामूली गिरावट, अगले कुछ दिनों में लू की स्थिति से राहत मिलेगी

उत्तर भारत के कई इलाकों में सोमवार को अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई और मौसम विभाग ने कहा है कि अगले कुछ दिनों में क्षेत्र के कुछ हिस्सों में आंधी तथा बारिश आने से भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है.

उत्तर भारत में पारे में मामूली गिरावट, अगले कुछ दिनों में लू की स्थिति से राहत मिलेगी
गर्मी (Photo Credits: Wikimedia Commons)

नयी दिल्ली, 17 मई : उत्तर भारत के कई इलाकों में सोमवार को अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई और मौसम विभाग ने कहा है कि अगले कुछ दिनों में क्षेत्र के कुछ हिस्सों में आंधी तथा बारिश आने से भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली में पारा घटकर 42.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया. दिल्ली में रविवार को साल का अब तक का सबसे गर्म दिन (45.6 डिग्री सेल्सियस) दर्ज किया. नजफगढ़, मुंगेशपुर, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, जाफरपुर, आयानगर, पीतमपुरा और रिज में स्वचालित मौसम केंद्रों में अधिकतम तापमान क्रमशः 44.7 डिग्री सेल्सियस, 44.4 डिग्री सेल्सियस, 44 डिग्री सेल्सियस, 43.9 डिग्री सेल्सियस, 43.4 डिग्री सेल्सियस, 43.3 डिग्री सेल्सियस और 43.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. रविवार को उत्तर पश्चिमी दिल्ली के मुंगेशपुर में पारा 49.2 डिग्री सेल्सियस और नजफगढ़ में 49.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था. आईएमडी ने कहा कि मंगलवार को आंधी या धूल भरी आंधी के चलने से पारा कुछ डिग्री नीचे आ सकता है. बुधवार को फिर से तापमान बढ़ना शुरू हो जाएगा और शुक्रवार को यह 45 डिग्री तक पहुंच सकता है.

हरियाणा और पंजाब में भी अधिकतम तापमान में कुछ डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन यह सामान्य से काफी ऊपर रहा. मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा के गुरुग्राम में पारा रविवार के तापमान 48.1 डिग्री सेल्सियस से घटकर सोमवार को 44.7 डिग्री सेल्सियस पर आ गया. हिसार में अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. सिरसा का अधिकतम तापमान एक दिन पहले के 47.2 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 41.8 डिग्री सेल्सियस हो गया. पंजाब के अमृतसर में रविवार से चार डिग्री कम यानी 42.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. लुधियाना में पारा 41.7 डिग्री सेल्सियस, पटियाला में 42.1 डिग्री सेल्सियस, जालंधर में 41.8 डिग्री सेल्सियस और मोहाली में 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हिमाचल प्रदेश के शिमला में मौसम विभाग ने कहा कि सोमवार से बुधवार तक राज्य के कुछ हिस्सों में गरज और बारिश के साथ हल्की ओलावृष्टि होने की संभावना है. राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है. यह भी पढ़ें : Uttar Pradesh: ससुराल में फंदे से लटकी मिली महिला की अस्पताल में मौत, माता-पिता ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में पारा दो से पांच डिग्री नीचे रहा. धौलपुर 46.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा. पश्चिमी ओडिशा में रात भर मध्यम से भारी बारिश होने से शुष्क मौसम समाप्त हुआ. मौसम विभाग ने कहा कि बंगाल की खाड़ी से पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत की ओर तेज दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के कारण अगले तीन-चार दिनों में ओडिशा में गरज के साथ वर्षा और धूल भरी हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है.मध्य प्रदेश को भी लू की स्थिति से राहत मिलने की संभावना है, क्योंकि मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में पारे में गिरावट का अनुमान जताया है. आईएमडी के भोपाल कार्यालय के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी पी के साहा ने पीटीआई- को बताया कि अगले तीन दिनों में तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है. उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में जून के मध्य तक मानसून आने की संभावना है.

(The above story first appeared on LatestLY on May 17, 2022 12:58 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).