उत्तरकाशी/नयी दिल्ली/अमरावती, आठ मई उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में बृहस्पतिवार सुबह गंगनानी के समीप एक निजी कंपनी के हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से पांच श्रद्धालुओं समेत छह लोगों की मौत हो गई और एक अन्य श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गया। अधिकारियों ने बताया कि इस हादसे की जांच ‘विमान दुर्घटना अन्वेषण ब्यूरो’ (एएआईबी) द्वारा की जाएगी।
इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों में तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के सांसद जी. लक्ष्मीनारायण की बहन भी शामिल हैं।
अधिकारियों ने बताया कि हादसा सुबह आठ बजकर 11 मिनट पर ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग के पास हुआ। उन्होंने बताया कि हेलीकॉप्टर में पायलट समेत सात लोग सवार थे।
राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) के अनुसार ‘एयरोट्रांस सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड’ का हेलीकॉप्टर यमुनोत्री दर्शन के बाद श्रद्धालुओं को गंगोत्री धाम लेकर जा रहा था जहां उसे हर्षिल हेलीपैड पर उतरना था।
एसडीआरएफ के अनुसार हेलीकॉप्टर 200-250 मीटर गहरी खाई में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिससे पांच श्रद्धालुओं समेत छह लोगों की मौत हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान गुजरात के वडोदरा निवासी पायलट रॉबिन सिंह (60), मुंबई की पवई की निवासी विजयलक्ष्मी रेड्डी (57), रुचि अग्रवाल (56), कला चंद्रकांत सोनी (61), उत्तर प्रदेश के बरेली की निवासी राधा अग्रवाल (79) और आंध्र प्रदेश के अनंतपुर की निवासी वेदवती देवी (48) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि वेदवती देवी के पति मकतूर भास्कर (51) दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
वेदवती आंध्र प्रदेश के अनंतपुर से सांसद जी. लक्ष्मीनारायण की बहन थीं। लक्ष्मीनारायण ने ‘पीटीआई-’ से कहा, “हां, मेरी बहन वेदवती उस हेलीकॉप्टर में मौजूद थीं। बहनोई भास्कर बाल-बाल बच गए लेकिन मेरी बहन की मौत हो गई है।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY