विदेश की खबरें | नेपाल के शीतलहर की चपेट में आने से छह लोगों की मौत
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

काठमांडू, 29 नवंबर नेपाल के भूकंप प्रभावित करनाली प्रांत में भीषण ठंड के मौसम के चलते छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

स्थानीय अधिकारियों के अनुसार तीन नवंबर को आए भूकंप के कारण मकानों के पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो जाने के चलते कई परिवारों को अस्थायी तंबुओं में रहना पड़ रहा है। नवजात शिशुओं, जच्चा, गंभीर बीमारी से ग्रसित मरीजों और बुजुर्गों के ठंड की चपेट में आने की आशंका सबसे अधिक है।

पुलिस के मुताबिक मंगलवार को प्रांत के पश्चिमी रुकुम जिले में छह लोगों की मौत हुई। इनमें से आठबिस्कोट नगर पालिका में पांच लोगों की वहीं सनोभेरी ग्रामीण नगर पालिका में एक व्यक्ति की मौत हुई।

मरने वालों में अधिकतर 60 से 80 वर्ष की उम्र के बुजुर्ग लोग शामिल थे।

सभी छह व्यक्तियों ने अस्थायी तंबू में शरण ली थी क्योंकि इस महीने की शुरुआत में जिले में आए विनाशकारी भूकंप के कारण उनके घर रहने लायक नहीं रह गए थे।

जाजरकोट और पश्चिमी रुकुम जिला तीन नवंबर को 6.4 तीव्रता के भूकंप से प्रभावित हुआ था, जिसमें कम से कम 154 लोग मारे गए थे और हजारों लोग बेघर हो गए थे।

इससे पहले जिले में दो सप्ताह पहले भूकंप से प्रभावित पांच लोगों की तंबू में सोते समय मौत हो गयी थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)