देश की खबरें | मुंबई में फर्जी कॉल सेंटर संचालित कर लोगों से चार करोड़ रुपये की ठगी के मामले में छह गिरफ्तार

मुंबई, 27 दिसंबर गोरेगांव के पश्चिमी उपनगर में एक आलीशान इमारत में कथित तौर पर फर्जी कॉल सेंटर संचालत कर लोगों से चार करोड़ रुपये की ठगी में मंगलवार को छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने कहा कि मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने सोमवार रात एस वी रोड पर डीएलएच पार्क स्थित एक कार्यालय पर छापा मारा।

उन्होंने कहा कि आरोपी कथित तौर पर ‘वन 721 ग्लोबल सर्विस लिमिटेड’ नाम से एक कॉल सेंटर चला रहे थे और मॉरीशस तथा खाड़ी के देशों में लोगों से संपर्क कर उन्हें जिंस व्यापार (कमोडिटी ट्रेडिंग) में निवेश करने के लिए कहते थे।

अधिकारी ने कहा कि आरोपी विदेशी मुद्रा शेयरों, मुद्रा और जिंस व्यापार में विशेषज्ञ बनकर लोगों को सोशल नेटवर्किंग साइटों के माध्यम से न्योता देता था तथा उन्हें लालच देकर व्यापार शुरू करने के लिए अपने खाते में 200 अमेरिकी डॉलर जमा कराता था।

उन्होंने कहा कि जांच में पता चला है कि आरोपियों ने लोगों से चार करोड़ रुपये की ठगी की है। छापे में छह लैपटॉप और अन्य सामग्री जब्त की गई।

पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) जांच-1 कृष्णकांत उपाध्याय ने कहा कि आरोपियों पर भारतीय दंड संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 420 (धोखाधड़ी) अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)