देश की खबरें | बहन से दुष्कर्म का बदला लेने के लिए तिहाड़ जेल में बंद कैदी की हत्या की गई : पुलिस

नयी दिल्ली, 30 जून दिल्ली की तिहाड़ जेल में एक कैदी ने छह साल पहले बहन से हुए दुष्कर्म का बदला लेने के लिए दूसरे कैदी की धातु की नुकीली वस्तु से गोदकर हत्या की थी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

उल्लेखनीय है कि सोमवार को 21 वर्षी ज़ाकिर ने निजामुद्दीन निवासी मोहम्मद मेहताब की तिहाड़ जेल संख्या 8/9 में नुकीली वस्तु से गोदकर हत्या कर दी थी।

यह भी पढ़े | TikTok सहित 59 चायनीज ऐप पर भारत सरकार ने लगाया बैन, रोक लगाने के पीछे बताई यह वजह.

पुलिस ने बताया कि जाकिर ने सुबह करीब छह बजे मेहताब के पेट और गले पर कई वार किए थे।

उन्होंने बताया कि ज़ाकिर दक्षिणपुरी का रहने वाला है और हाल में उसे तिहाड़ के पांच नंबर की जेल से आठ नंबर की जेल में स्थानांतरित किया गया था।

यह भी पढ़े | कोरोना के कर्नाटक में 947 नए मरीज पाए गए, जिसमें 503 मामले बैंगलूरू से हैं: 30 जून 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

पुलिस ने बताया कि मेहताब के गले में गहरा जख्म था और जेल की ही डिस्पेंसरी में उसका प्राथमिक उपचार किया गया। इसके बाद उसे दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) दीपक पुरोहित ने बताया, ‘‘ जांच में पता चला कि अंबेडकर नगर पुलिस थाने इलाके में वर्ष 2014 में ज़ाकिर की नाबालिग बहन के साथ हुए दुष्कर्म के मामले में मेहताब आरोपी था। बाद में पीड़िता ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली थी।’’

पुलिस ने बताया कि ज़ाकिर को हाल में तिहाड़ की पांच नंबर की जेल से आठ नंबर की जेल में स्थानांतरित किया गया था जहां पर पहले से उसी वार्ड के पहले तल पर मेहताब कैद था।

उन्होंने बताया कि जेल का स्थानांतरण आरोपी के अनुरोध पर किया गया क्योंकि वह पुराने वार्ड में अपने साथी कैदियों के साथ लड़ता था। जेल में स्थानांतरण का इस्तेमाल उसने मेहताब से बदला लेने के अवसर के रूप में किया।

पुलिस उपायुक्त ने कहा कि जब सोमवार को सुबह करीब छह बजे अन्य कैदी प्रार्थना के लिए बाहर आए तब आरोपी ऊपर की मंजिल पर गया और मेहताब पर चाकू जैसी वस्तु से हमला कर दिया।

उन्होंने बताया कि ज़ाकिर के खिलाफ हरी नगर पुलिस थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।

उल्लेखनीय है कि मेहताब 2014 में अंबेडकर नगर में हुए दुष्कर्म के मामले में आरोपी था और तब से ही जेल में था। जाकिर जैतपुर में हुई हत्या का आरोपी है और 2018 से जेल में है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)