विदेश की खबरें | सिंगापुर ने हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के सात देशों की यात्रा करने वाले यात्रियों पर लगाया प्रतिबंध

सिंगापुर, 26 नवंबर सिंगापुर ने हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के सात देशों की यात्रा करने वाले यात्रियों के देश में आने पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि दक्षिण अफ्रीका में कोविड-19 का नया स्वरूप सामने आने के बाद यह कदम उठाया गया हैं, जिसके अधिक घातक एवं संक्रामक होने की आशंका है।

मंत्रालय ने बताया कि शनिवार को स्थानीय समयानुसार रात 11 बजकर 59 मिनट से बोत्सवाना, इस्वातिनी, लेसोथो, मोज़ाम्बिक, नामीबिया, दक्षिण अफ्रीका और ज़िम्बाब्वे में पिछले 14 दिनों के भीतर यात्रा करने वाले सभी लोगों को सिंगापुर में प्रवेश करने या यहां से होकर गुजरने की अनुमति नहीं होगी। प्रतिबंध उन लोगों पर भी लागू होते हैं जिन्होंने सिंगापुर में प्रवेश के लिए पूर्व स्वीकृति प्राप्त की है। सिंगापुर के नागरिकों और स्थायी निवासियों को देश लौटने पर 10 दिन निर्धारित केन्द्र में पृथकवास में रहना होगा।

‘चैनल न्यूज एशिया’ ने स्वास्थ्य मंत्रालय के हवाले से कहा, ‘‘कोविड-19 के अधिक संक्रामक स्वरूप बी.1.1.529 के सामने आने की खबरें है, जिसके बोत्सवाना, इस्वातिनी, लेसोथो, मोज़ाम्बिक, नामीबिया, दक्षिण अफ्रीका और ज़िम्बाब्वे में फैले होने की आशंका है। अभी दुनियाभर के वैज्ञानिक इस नए स्वरूप के बारे में और जानकारी हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं।’’

स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि सिंगापुर में इस नए स्वरूप का अभी तक कोई मामला सामने नहीं आया है, इसलिए ‘‘इसके यहां फैलने के खतरे को कम करने के लिए हमें एहतियाती कदम उठाने चाहिए।’’

मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, सिंगापुर में अभी तक कोविड-19 के 258,785 मामले सामने आए हैं और संक्रमण से 681 लोगों की मौत हुई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)