देश की खबरें | सिक्किम दुर्घटना: लांस नायक सोमवीर सिंह का हरियाणा में उनके पैतृक गांव में अंतिम संस्कार किया गया

हिसार (हरियाणा), 25 दिसंबर सिक्किम में एक दुर्घटना में जान गंवाने वाले 16 सैन्यकर्मियों में शामिल लांस नायक सोमवीर सिंह का रविवार को यहां उनके पैतृक गांव में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

सिक्किम के जेमा में एक वाहन एक तीखे मोड़ पर सड़क से फिसल कर खाई में गिर गया था, जिसमें 16 सैन्यकर्मियों की जान चली गई थी।

‘113 इंजीनियर्स रेजीमेंट’ से संबंध रखने वाले सिंह का पार्थिव शरीर रविवार सुबह यहां लाया गया।

सिंह का पार्थिव शरीर उनके घर लाया गया, तो उनकी मां और पिता ने उनका माथा चूमा, जबकि उनकी बहन और भाई ने उन्हें सलाम किया। उनकी पत्नी फूट-फूट कर रोती नजर आईं।

ग्रामीणों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।

उनकी तीन साल की बेटी और एक साल के बेटे ने चिता को मुखाग्नि दी।

राज्य मंत्री अनूप धानक, उपसंभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) जयबीर यादव, सेना के जवान और अन्य अधिकारी इस मौके पर मौजूद थे।

लांस नायक सोमवीर सिंह को 26 जून, 2015 को सेना में शामिल किया गया था।

वह 55 दिन की छुट्टी पर गांव आये थे और पिछले सप्ताह ड्यूटी पर वापस लौट आये थे।

सोमवीर के छोटे भाई सुरेंद्र भी 2018 में सेना में भर्ती हुए थे। सुरेंद्र फिलहाल पुणे में तैनात हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)