देश की खबरें | सिद्धरमैया ने प्रधानमंत्री मोदी, राहुल गांधी और कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार मुलाकात की। इसके अलावा वह वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और परिवहन मंत्री नितिन गडकरी सहित कई केंद्रीय मंत्रियों से भी मिले।
नयी दिल्ली, तीन अगस्त कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार मुलाकात की। इसके अलावा वह वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और परिवहन मंत्री नितिन गडकरी सहित कई केंद्रीय मंत्रियों से भी मिले।
आज सिद्धरमैया का 76वां जन्मदिन भी था। उन्होंने दिन में प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों के अलावा पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा राहुल गांधी समेत कांग्रेस नेताओं से मुलाकात की।
सिद्धरमैया ने संसद परिसर में मोदी से मुलाकात की, लेकिन यह पता नहीं चल सका कि मुलाकात में क्या चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह महज एक शिष्टाचार मुलाकात थी।
मई में कर्नाटक का मुख्यमंत्री बनने के बाद प्रधानमंत्री से यह उनकी पहली मुलाकात थी।
बाद में, उन्होंने रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की और उनसे 15 से 24 अक्टूबर तक दशहरा समारोह के दौरान मैसूर में भारतीय वायुसेना द्वारा एक एयर शो आयोजित करने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय वायुसेना ने 2017 और 2019 में मैसूर के टॉर्च लाइट परेड ग्राउंड में एयर शो आयोजित किया था।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के साथ अपनी बैठक में सिद्धरमैया ने बेंगलुरु-मैसूर राजमार्ग पर दुर्घटनाओं को रोकने के उपायों सहित नौ प्रस्तावों के लिए केंद्र सरकार की मंजूरी का अनुरोध किया।
सिद्धरमैया ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से भी मुलाकात की और कर्नाटक से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
शाम को मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और खरगे से अलग-अलग मुलाकात कर राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने ट्विटर पर गांधी के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए कहा, “आज नयी दिल्ली में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष श्री राहुल गांधी से मुलाकात कर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।"
गांधी ने सिद्धरमैया को जन्मदिन पर शुभकामनाएं भी दीं।
पार्टी के कई नेताओं ने बृहस्पतिवार को यहां कर्नाटक भवन में सिद्धरमैया को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
गांधी से मुलाकात के बाद वह हवाईअड्डे के लिए रवाना हो गए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)