देश की खबरें | आवास आवंटन को लेकर पंचायत में चली गोली : एक की मौत, थानाध्यक्ष निलंबित

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जिले के मेहनाजपुर ग्राम पंचायत में मंगलवार को सरकारी आवास आवंटन के लिए बैठक में हुई मारपीट और गोलीबारी में एक युवक की मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश), 24 जनवरी जिले के मेहनाजपुर ग्राम पंचायत में मंगलवार को सरकारी आवास आवंटन के लिए बैठक में हुई मारपीट और गोलीबारी में एक युवक की मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि मेहनाजपुर ग्राम पंचायत के ‘दक्षिण का पुरा’ में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान आवंटन की प्रक्रिया पूरी करने के लिए पंचायत भवन सभागार में बैठक हो रही थी। इसी दौरान पूर्व ग्राम प्रधान शिवशंकर सिंह एवं वर्तमान ग्राम प्रधान प्रदीप सिंह पक्ष के लोग अपात्र लोगों के चयन का आरोप लगाते हुए आपस में भिड गए।

उन्होंने बताया कि देखते ही देखते मामला बढ़ गया और मारपीट के बीच गोलियां चलीं जिससे तीन लोग घायल हो गए। घायलों को आनन-फानन उपचार के लिए वाराणसी ले जाया गया, जहां हिमांशु सिंह (32) नामक युवक को मृत घोषित कर दिया गया जबकि गंभीर रूप से घायल दो अन्य लोगों का इलाज किया जा रहा है।

घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।

पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि इस मामले में हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमों के साथ ही स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप को भी लगाया गया है। पकड़े गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि इस मामले में लापरवाही के आरोप में मेहनाजपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक राम उजागिर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\