मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिया संकेत, केंद्रीय बजट की तर्ज पर बनेगा मध्य प्रदेश का बजट
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने केंद्रीय बजट की सराहना करते हुए बृहस्पतिवार को संकेत दिए कि मध्य प्रदेश का बजट भी इसी तर्ज पर होगा. मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं.
भोपाल, 2 फरवरी : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) ने केंद्रीय बजट की सराहना करते हुए बृहस्पतिवार को संकेत दिए कि मध्य प्रदेश का बजट भी इसी तर्ज पर होगा. मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं. मध्य प्रदेश का आगामी बजट कैसा होगा के सवाल पर उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘ अब एक व्यापक ‘गाइडलाइन’ (केंद्रीय बजट) हमारे पास है. प्रधानमंत्री आवास योजना का आवंटन बढ़ाया है तो हम अपने गरीबों के लिए कैसे ज्यादा आवास बनाये, इसपर ध्यान देंगे. मोटे तौर पर इससे मध्य प्रदेश को लाभ मिलेगा. मध्य प्रदेश के बजट बनाते समय हम इन योजनाओं को ध्यान में रखेंगे.’’
उन्होंने केंद्रीय बजट की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह लोगों के लिए एक बड़ी राहत के तौर पर आया है. यह सर्वस्पर्शी, सर्वव्यापी और सर्वसमावेशी बजट है. देश के समस्त विकास को समर्पित बजट है. यह दुनिया में सबसे तेज गति से देश को वृद्धि की राह दिखाने वाला बजट है. मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ सभी क्षेत्र के लोगों ने बजट का स्वागत किया है.’’ पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा की वरिष्ठ नेता उमा भारती की शराब नीति में बदलाव की मांग के बारे में पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री चौहान ने कोई जवाब नहीं दिया. यह भी पढ़ें : भाजपा विधायकों ने कांग्रेस के छह विधायकों के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव दिया
मध्य प्रदेश सरकार जल्द ही नई शराब नीति लाने वाली है. मुख्यमंत्री ने 26 जनवरी को जबलपुर में गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान कहा था कि यह (नई आबकारी नीति) शराब को हतोत्साहित करेगी. इससे प्रदेश में शराब की दाम बढ़ने की संभावना जताई जा रही है. प्रदेश कांग्रेस प्रमुख कमलनाथ और अन्य नेताओं के बयान कि राज्य की भाजपा सरकार ने अपने वादों को पूरा नहीं किया, पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस व कमलनाथ हताशा से ग्रस्त हैं. कांग्रेस और उसके नेता खबरों में बने रहने के लिए बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 02, 2023 03:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

