बेंगलुरु, 22 जनवरी कर्नाटक के शिवमोगा जिले में विस्फोट की घटना के सिलसिले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है तथा मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं। पुलिस ने शुक्रवार को यह बताया।
पुलिस ने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों में पत्थर तोड़ने की सुविधा से जुड़ा एक ठेकेदार शामिल है जहां जिलेटिन की छड़ों से लदे ट्रक में विस्फोट हुआ था। हादसे में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने अपने गृह जिले शिवमोगा के हनासोडू में पत्थर तोड़ने की सुविधा में हुए धमाके में लोगों मौत पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं और इसके पीछे जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि वह कल रात से वरिष्ठ अधिकारियों के संपर्क में हैं और बचाव अभियान शुरू करने के लिए दलों को रवाना किया गया है।
मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘शोक संतप्त परिजन के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’
अधिकारियों ने मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका को खारिज नहीं किया।
शिवमोगा के उपायुक्त के बी शिवकुमार ने शुक्रवार को ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘ऐसा सुनने में आ रहा है कि कम से कम दस से पंद्रह लोगों की मौत हुई है। पुलिस की जांच पूरी होने का इंतजार करना होगा।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY